बुलंदशहर। बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत कार्यरत स्थायी एवं संविदा शिक्षकों-कर्मचारियों के बैंक खाता परिवर्तन को लेकर वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा, बुलंदशहर ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। जारी पत्र में बैंक खाता बदलने से पहले आवश्यक दस्तावेजों की जांच और अभिलेख सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यह निर्देश बेसिक शिक्षा विभाग एवं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के बीच स्थायी एवं संविदा शिक्षकों/कार्मिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए किए गए समझौता ज्ञापन (MOU) के क्रियान्वयन से संबंधित है।
बैंक खाता बदलने के लिए 6 दस्तावेज जरूरी
निर्देश के अनुसार बैंक खाता परिवर्तन की पत्रावली में निम्न दस्तावेज शामिल करने होंगे—
- खाता बदलने के संबंध में प्रार्थना पत्र
- पुरानी बैंक पासबुक की प्रति
- पुराने बैंक का देयता मुक्त प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड की प्रति
- नए बैंक पासबुक की प्रति
- निवास/पता प्रमाण पत्र
दस्तावेजों की जांच के बाद भेजी जाएगी सूचना
कार्यालय स्तर पर संबंधित दस्तावेज एवं प्रपत्र प्राप्त कर उनकी जांच की जाएगी। इसके बाद निर्धारित प्रारूप में विवरण हार्ड कॉपी और Excel फाइल दोनों में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रारूप में कर्मचारी का नाम, पदनाम, पुराना बैंक खाता नंबर, पुराना IFSC, eHRMS, Beneficiary Number और नया बैंक खाता नंबर सहित आवश्यक जानकारी दर्ज की जाएगी।


