प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSB) ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) 2026 के विज्ञापन में एक महत्वपूर्ण शुद्धिपत्र (Corrigendum) जारी किया है। आयोग द्वारा 24 मार्च 2026 को जारी इस आधिकारिक सूचना के अनुसार, अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर कुछ अहम संशोधन किए गए हैं।
यह निर्णय विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आपत्तियों और माननीय सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में लिया गया है।
प्रमुख संशोधन और नई पात्रता शर्तें
आयोग ने विज्ञापन की शर्तों में मुख्य रूप से तीन बड़े बदलाव किए हैं:
✅ सेवारत सहायक अध्यापकों को मौका
माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा 'सिविल अपील संख्या- 1385/2025' में पारित आदेश के तहत, अब वे सहायक अध्यापक जो वर्तमान में सेवा में हैं, वे भी इस शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET 2026) में सम्मिलित होने के पात्र होंगे।
✅ 'अंतिम वर्ष' की अनिवार्यता खत्म, 'प्रवेश' ही काफी
शिक्षक प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (TTC) कर रहे छात्रों के लिए यह सबसे बड़ी राहत है।
- अब विज्ञापन के बिंदु-6 के उपबिंदु 6.1 और 6.2 में जहाँ 'अंतिम वर्ष में शामिल होने वाले' लिखा था, उसे अब 'में प्रविष्ट/अध्ययनरत' पढ़ा जाएगा।
- इसका अर्थ यह है कि यदि आपने किसी मान्यता प्राप्त संस्था में Teachers Training Course में केवल प्रवेश (Admission) भी ले लिया है, तो आप UP TET 2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह बदलाव NCTE के 04.08.2022 के स्पष्टीकरण के आधार पर किया गया है।
कुछ विशेष टिप्पणियों का विलोपन
आयोग ने पात्रता से संबंधित विज्ञापन के बिंदु संख्या-6 के उपबिंदु 6.3 की 'टिप्पणी III' को पूरी तरह से हटाने (विलोपित करने) का निर्णय लिया है।
अभ्यर्थी ध्यान दें
आयोग ने स्पष्ट किया है कि UP TET - 2026 के मूल विज्ञापन को अब इन संशोधित प्रावधानों के साथ ही पढ़ा और समझा जाए। इच्छुक अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://upessc.up.gov.in/ पर जा सकते हैं।


Social Plugin