लखनऊ। गोंडा जिले के बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अतुल कुमार तिवारी को गंभीर अनियमितताओं और पद दायित्वों में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। मंगलवार शाम को बेसिक शिक्षा अनुभाग-1 के संयुक्त सचिव वेद प्रकाश राय ने शासन की ओर से उनका निलंबन आदेश जारी किया।
सूत्रों के अनुसार, बीएसए अतुल तिवारी पर एक टेंडर प्रक्रिया में 10 लाख रुपये की अवैध वसूली और सरकारी कार्यों में घोर शिथिलता बरतने के आरोप लगे थे। इन अनियमितताओं को लेकर मंडलायुक्त और जिलाधिकारी (डीएम) ने भी शासन को विस्तृत रिपोर्ट भेजी थी।
प्रारंभिक जांच में लगाए गए आरोप सत्य पाए गए, जिसके बाद शासन ने तत्काल प्रभाव से बीएसए को निलंबित कर दिया। शासन ने उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं और पद दायित्वों में लापरवाही की जांच के लिए लखनऊ मंडल के मण्डलीय सहायक शिक्षा निदेशक को जांच अधिकारी नामित किया है।
शासन का रुख सख्त:
बेसिक शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि शासन किसी भी अधिकारी द्वारा वित्तीय अनुशासनहीनता या प्रशासनिक लापरवाही को बर्दाश्त नहीं करेगा।
बीएसए अतुल कुमार तिवारी का निलंबन आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं विभागीय जांच शुरू होने के साथ और भी अनियमितताओं के उजागर होने की संभावना जताई जा रही है।


Social Plugin