लखनऊ। मतदाता सूची के विशेष सघन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाताओं को गणना प्रपत्र (Form for Enumeration) वितरण की प्रगति की समीक्षा मंगलवार को की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) से प्रगति रिपोर्ट ली और फॉर्म वितरण में धीमी गति दिखाने वाले जिलों को सख्त चेतावनी दी।
सीईओ ने बताया कि ऐसे 13 जिले — लखनऊ, कानपुर नगर, मुरादाबाद, महोबा, कानपुर देहात, आगरा, उन्नाव, जौनपुर, अमरोहा, वाराणसी, मिर्जापुर, देवरिया और रायबरेली — जहां अब तक 50 प्रतिशत से कम गणना प्रपत्र वितरित हुए हैं, उन्हें तत्काल कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं।
राज्य में अब तक 15.44 करोड़ मतदाताओं में से 9.38 करोड़ मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, यानी केवल 60 प्रतिशत प्रगति हुई है। सीईओ ने निर्देश दिया कि शेष 40 प्रतिशत मतदाताओं को 15 नवंबर तक हर हाल में गणना प्रपत्र वितरित कर दिए जाएं।
उन्होंने यह भी कहा कि बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) मतदाताओं को फॉर्म भरने में पूरी मदद करें, ताकि पुनरीक्षण प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
लखनऊ की बीएलओ दीपाली निगम की सराहना
समीक्षा बैठक के दौरान लखनऊ के मध्य विधानसभा क्षेत्र के बूथ नंबर-85 की बीएलओ दीपाली निगम की विशेष रूप से सराहना की गई। उन्होंने अपने बूथ पर लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं की वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैपिंग पूरी कर ली है। सीईओ ने कहा कि ऐसे समर्पित बीएलओ को प्रोत्साहित और पुरस्कृत किया जाना चाहिए।
निर्देशों की मुख्य बातें:
- 15 नवंबर तक शेष 40% मतदाताओं को फॉर्म वितरण पूरा किया जाए।
- सुस्त जिलों को चेतावनी, काम की गति बढ़ाने के निर्देश।
- बीएलओ मतदाताओं को फॉर्म भरने में मदद करेंगे।
- बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ को सम्मानित किया जाएगा।


Social Plugin