Type Here to Get Search Results !

बीएलओ की जिम्मेदारियों से तनाव में थे शिक्षक, स्कूल में फंदा लगाकर की आत्महत्या; विभाग में हड़कंप

Sir Ji Ki Pathshala

भांडेर/सालोन बी। प्राथमिक विद्यालय के 50 वर्षीय शिक्षक उदयभान सिहारे ने स्कूल परिसर के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मंगलवार सुबह हुई इस हृदयविदारक घटना से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि शिक्षक लंबे समय से बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) का अतिरिक्त दायित्व संभाल रहे थे और लगातार बढ़ते काम के दबाव से मानसिक तनाव में थे।


सुबह विद्यालय पहुंचने के कुछ समय बाद सहकर्मियों ने उन्हें स्कूल की एक कक्षा में फंदे से लटका देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सहकर्मियों ने बताया कि शिक्षक अत्यंत शांत, ईमानदार और छात्रों में लोकप्रिय थे, लेकिन चुनाव संबंधी काम, रिपोर्टिंग और लगातार मिल रहे निर्देशों ने उनकी मानसिक स्थिति को काफी प्रभावित कर दिया था।


लंबे समय से बीएलओ का अतिरिक्त दायित्व निभा रहे थे


परिजनों के मुताबिक उदयभान सिहारे लंबे समय से बीएलओ की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। हाल ही में चुनावी कार्यों, डेटा अपडेट और निरंतर मिल रहे निर्देशों तथा रिपोर्टिंग ने उनका मानसिक संतुलन बिगाड़ दिया था। वे काफी तनाव में रहते थे, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर भी दिख रहा था।


उदयभान सिहारे अपने पीछे पत्नी, पुत्र अंशुल और पुत्री अंजली को छोड़ गए हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया और गांव में शोक का माहौल है।


कलेक्टर ने जताया दुख, सीधे मिलने की अपील


कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आत्महत्या के सही कारणों का अभी पता नहीं चला है। उन्होंने कहा कि शासन के कार्य निर्धारित दायरे में और नियमानुसार दिए जाते हैं तथा चुनाव संबंधी दायित्व नियमित प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिसके लिए पृथक भत्ता भी मिलता है।


उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील की कि यदि किसी को कार्य के दौरान कोई समस्या या दबाव महसूस होता है, तो वे सीधे उनसे मिलकर अपनी बात रखें।

Sir Ji Ki Pathshala