Type Here to Get Search Results !

हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, कई पीड़ित सामने आए

Sir Ji Ki Pathshala

हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी, कई पीड़ित सामने आए

प्रतापगढ़। इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ खंडपीठ में समीक्षा अधिकारी (Review Officer) की नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शासन के आदेश पर शुरू हुई जांच में कई नए पीड़ित भी सामने आए हैं।

लखनऊ के हुसैनपुर छिवापुर पजावा निवासी प्रियेश कुमार सिंह ने शासन को शिकायत की थी कि प्रतापगढ़ जिले के पट्टी क्षेत्र के गधियावां रघवापुर निवासी एक व्यक्ति ने उनसे हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने के लिए 20.50 लाख रुपये की ठगी की। शिकायत के बाद मुख्य सचिव के आदेश पर एएसपी पूर्वी शैलेंद्रलाल ने जांच शुरू कर दी है।

Corruption

जांच के दौरान अन्य कई लोगों ने भी सामने आकर इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई है। इनमें रायबरेली के शैलेंद्र दुबे और आकाश, जौनपुर के जयप्रकाश मिश्र, अमेठी के अभिषेक शर्मा सहित कई लोग शामिल हैं। इन सभी का कहना है कि आरोपी ने दो से आठ लाख रुपये लेकर झूठे नियुक्ति पत्र थमा दिए और कहा था कि “थाने से जांच के लिए फोन आएगा।” बाद में उसने सभी पीड़ितों के मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिए।

आरोपी ने दी थाने में धमकी

आरोपों से घिरे व्यक्ति ने रविवार को गनर के साथ आसपुर देवसरा थाने में पहुंचकर एसओ से मिलने की कोशिश की, लेकिन मुलाकात न होने पर दीवान से कहा कि “दो घंटे इंतजार करने के बाद भी एसओ नहीं मिले, अब वह शिकायत करेगा।”

सूत्रों के मुताबिक, लखनऊ के हजरतगंज थाने में आरोपी के खिलाफ पहले से ही ठगी की एफआईआर दर्ज है और एक प्रकरण में आरोपपत्र भी दाखिल हो चुका है। एएसपी शैलेंद्रलाल ने बताया कि आरोपी को दी गई गनर सुविधा हटाने के लिए शासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।

पुलिसकर्मियों से करीबी रिश्तों के आरोप

ठगी का आरोपी पुलिस महकमे में भी कई थानेदारों और पुलिसकर्मियों के नजदीकी संपर्कों के लिए चर्चा में है। बताया जा रहा है कि कई बार आरोपी के घर पर स्थानीय पुलिसकर्मी बैठकों में शामिल होते रहे हैं।मुख्य सचिव के पत्र के बाद प्रशासन ने मामले की जांच तेज कर दी है। एएसपी ने पीड़ितों से बयान दर्ज किए हैं और पूरे प्रकरण की रिपोर्ट जल्द शासन को भेजी जाएगी।