Type Here to Get Search Results !
ADVERTISEMENT

मुख्यमंत्री योगी की बड़ी बैठक आज शाम 6 बजे, बाढ़-जलभराव से लेकर कानून व्यवस्था तक होगी समीक्षा

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में 22 अगस्त 2026 को शाम 6 बजे महत्वपूर्ण वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी पत्र में संबंधित विभागों और अधिकारियों को बैठक में पूरी तैयारी के साथ शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक 5-कालिदास मार्ग स्थित सभाकक्ष से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से होगी। इसमें प्रदेश के सभी मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, नगर आयुक्त समेत विभिन्न विभागों के मंडल एवं जिला स्तरीय अधिकारी शामिल होंगे।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रदेश में जलभराव और बाढ़ की स्थिति, आगामी त्योहारों की तैयारियां, विद्युत आपूर्ति, नगर विकास, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, पशुपालन और कानून व्यवस्था समेत कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में संबंधित अधिकारियों से उनके क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति, किए गए इंतजाम और आवश्यक कार्यवाही की जानकारी ली जाएगी। विशेष रूप से बारिश के कारण उत्पन्न जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए राहत, बचाव और जल निकासी की व्यवस्थाओं पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा आगामी त्योहारों को देखते हुए कानून व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की भी समीक्षा होगी। अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में सुरक्षा, साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, यातायात तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री की बैठक में बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग से जुड़े अधिकारी भी शामिल होंगे। पत्र में जिला विद्यालय निरीक्षक तथा बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रतिभाग करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके साथ ही ऊर्जा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, लोक निर्माण, परिवहन, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, जल निगम तथा पशुपालन विभाग के अधिकारियों को भी बैठक में शामिल होना है।

मुख्यमंत्री योगी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग

Top Post Ad

ADVERTISEMENT

Bottom Post Ad

ADVERTISEMENT