लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार नागरिकों को बड़ी राहत देते हुए स्थानीय सरकारी सेवाओं को पूरी तरह से हाईटेक और तेज बनाने जा रही है। अब प्रदेशवासियों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) जैसे जरूरी कामों के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राज्य के सभी नगर निगमों में जल्द ही 'वन डे गवर्नेंस सेंटर' शुरू होने जा रहे हैं, जहां ये सभी काम महज एक दिन के भीतर पूरे कर दिए जाएंगे।
यह महत्वपूर्ण घोषणा प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान की।
लखनऊ में सेंटर तैयार, प्रयागराज-वाराणसी में भी तैयारी
यह कार्यक्रम लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल के तीन वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
नगर विकास मंत्री ने बताया कि सरकार नगर निकायों की सेवाओं को तेज, पारदर्शी और पूरी तरह नागरिक अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा:
"लखनऊ में 'वन डे गवर्नेंस सेंटर' बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। इसके बाद अब प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर समेत प्रदेश के सभी नगर निगमों में इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी तेजी से चल रही है।"
जब वित्त मंत्री के 'स्लिप ऑफ टंग' पर हंसे सीएम योगी
कार्यक्रम के दौरान एक बेहद हल्का-फुल्का और मजेदार पल भी देखने को मिला। मंच से स्वागत भाषण देते समय वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की जुबान फिसल गई। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह को 'दयाशंकर शर्मा' कहकर संबोधित कर दिया। वित्त मंत्री की इस चूक पर मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, एके शर्मा, खुद दयाशंकर सिंह और महापौर सुषमा खर्कवाल अपनी हंसी नहीं रोक पाए और पूरा मंच ठहाकों से गूंज उठा।


Social Plugin