प्रयागराज। डीएलएड प्रशिक्षण 2025 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया 12 जनवरी से शुरू होगी। परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय द्वारा काउंसिलिंग का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। प्रदेश के 67 जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) की 10,600 सीटों और 3,304 निजी व अल्पसंख्यक कॉलेजों की 2,28,900 सीटों सहित कुल 2,39,500 सीटों पर प्रवेश किया जाना है।
इस वर्ष डीएलएड प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 1,24,230 अभ्यर्थियों ने ही आवेदन किया है। ऐसे में स्पष्ट है कि यदि सभी अभ्यर्थी प्रवेश ले भी लेते हैं, तब भी लगभग 1,15,270 सीटें खाली रह जाएंगी।
काउंसिलिंग का चरणबद्ध कार्यक्रम
पहले चरण की काउंसिलिंग में 12 से 14 जनवरी तक 1 से 20,000 रैंक तक के अभ्यर्थी संस्थाओं का विकल्प भर सकेंगे। इनका संस्था आवंटन 15 जनवरी को जारी किया जाएगा।
इसके बाद 15 से 18 जनवरी तक 20,001 से 70,000 रैंक तक के अभ्यर्थियों एवं पूर्व में विकल्प न भर पाने वाले अभ्यर्थियों को अवसर दिया जाएगा। इनका संस्था आवंटन 19 जनवरी को घोषित होगा।
तीसरे चरण में 19 से 22 जनवरी तक 70,001 से 1,24,230 रैंक तक के अभ्यर्थी तथा पहले चरणों में विकल्प न भरने वाले अभ्यर्थी विकल्प भर सकेंगे। इनका संस्था आवंटन 23 जनवरी को जारी किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को 30 जनवरी की शाम छह बजे तक प्रवेश लेना होगा।
दूसरा चरण फरवरी में
दूसरे चरण की काउंसिलिंग 5 से 8 फरवरी तक आयोजित होगी। इसमें अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के साथ-साथ यूपी के ओबीसी, एससी, एसटी और विशेष आरक्षण श्रेणी के वे अभ्यर्थी शामिल होंगे जिन्हें पहले चरण में आवंटन नहीं मिल सका। इनका संस्था आवंटन 9 फरवरी को जारी किया जाएगा।
इसके बाद 9 से 12 फरवरी तक सभी अभ्यर्थियों को प्रवेश का अंतिम अवसर दिया जाएगा। आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थी उपलब्ध न होने की स्थिति में, आरक्षित सीटों को अनारक्षित सीटों में परिवर्तित कर प्रवेश दिया जाएगा।
प्रशिक्षण की तिथि
दूसरे चरण का प्रवेश 11 से 21 फरवरी शाम पांच बजे तक पूरा किया जाएगा। प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा ऑनलाइन रिपोर्ट/लॉक करने की अंतिम तिथि 23 फरवरी निर्धारित की गई है। डीएलएड प्रशिक्षण की कक्षाएँ 24 फरवरी से शुरू होंगी।


Social Plugin