अत्यधिक ठंड और शीतलहर की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी महोदय की अनुमति के क्रम में जनपद में दिनांक 29 दिसम्बर एवं 30 दिसम्बर 2025 को कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में बच्चों का अवकाश घोषित किया गया है। यह आदेश जनपद के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त तथा सीबीएसई/आईसीएसई/उत्तर प्रदेश बोर्ड से संचालित विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।
आदेश के अनुसार इन दोनों दिनों में विद्यालय केवल बच्चों के लिए बंद रहेंगे। विद्यालयों का शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ पूर्व की भांति समय से विद्यालय में उपस्थित होकर विभागीय कार्यों एवं अन्य शासकीय दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करेगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जौनपुर द्वारा जारी निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि सभी खण्ड शिक्षा अधिकारी इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराना सुनिश्चित करेंगे, ताकि किसी भी स्तर पर आदेश की अवहेलना न हो।
प्रशासन द्वारा अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की गई है कि बच्चों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए इस अवधि में उन्हें घर पर ही सुरक्षित रखें।

