लाल किले से प्रधानमंत्री मोदी जी ने कहा, "भारत अब 'परमाणु धमकियों' को नहीं सहने वाला" जानें और क्या कहा प्रधानमंत्री ने?
1. भारत अब 'परमाणु धमकियों' को नहीं सहने वाला, ब्लैकमेलिंग नहीं सहेंगे।"
देश की जनता को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा,
"आज लाल किले की प्राचीर से ऑपरेशन सिंदूर के जांबाजों को सैल्यूट करने का अवसर मिला है। हमारे वीर सैनिकों ने दुश्मनों को उनकी कल्पना से परे सजा दी है। पहलगाम में सीमा पार से आतंकवादियों ने आकर जिस तरह कत्लेआम किया, धर्म पूछकर लोगों को मारा गया, पत्नी के सामने पति को गोलियां से बच्चों के सामने पिता को मौत के घाट उतार दिया गया। इससे हिंदुस्तान आक्रोश से भरा हुआ है। इस प्रकार के संहार से पूरा विश्व चौंक गया था। ऑपरेशन सिंदूर उसी आक्रोश की अभिव्यक्ति है।"
पीएम मोदी ने सिंधु जल समझौते का भी ज़िक्र किया और कहा कि इस पर भारत के किसानों का अधिकार है।
2. खुद का स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में आग्रह
पीएम मोदी ने कहा कि भारत स्पेस सेक्टर में कमाल कर रहा है और पूरा देश यह सब देख रहा है। उन्होंने कहा कि भारत खुद का स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में है। उन्होंने कहा, "हमारे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला स्पेस स्टेशन से लौट चुके हैं और आने वाले कुछ दिनों में भारत आ रहे हैं। हम स्पेस में भी अपने दम पर आत्मनिर्भर भारत गगनयान की तैयारी कर रहे हैं। हम अपना स्पेस स्टेशन बनाने की दिशा में हैं।"
पीएम ने कहा, "देश को विकसित बनाने के लिए हम अब समुद्र मंथन की ओर भी जा रहे हैं। हम हमारे समुद्र के भीतर के तेल और गैस के भंडार को खोजने की दिशा में मिशन मोड में काम करना चाहते हैं।"
3. 'लड़ाकू विमानों के जेट इंजन भारत में बनाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने आत्मनिर्भर भारत पर ज़ोर देते हुए कहा कि लड़ाकू विमानों के इंजन भारत के अंदर बनने चाहिए। प्रधानमंत्री ने लाल क़िले की प्राचीर से युवा वैज्ञानिकों, प्रतिभाशाली युवाओं, इंजीनियरों, पेशेवरों और सरकार के सभी विभागों से अपने स्वयं के मेड इन इंडिया लड़ाकू विमानों के लिए जेट इंजन तैयार करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत का आधार आत्मनिर्भर भारत है। अगर कोई दूसरों पर बहुत अधिक निर्भर हो जाता है, तो स्वतंत्रता का प्रश्न ही धुंधला पड़ने लगता है।"
4. प्रधानमंत्री ने दोहरी दिवाली मनाने की बात कही'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "इस दिवाली, मैं आपके लिए इसे दोहरी दिवाली बनाने जा रहा हूं। इस दिवाली में बहुत बड़ा तोहफ़ा देशवासियों को मिलने वाला है।"
पीएम मोदी ने कहा, "पिछले आठ वर्षों में, हमने जीएसटी में एक बड़ा सुधार किया है। अब नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफ़ॉर्म लेकर आ रहे हैं। सामान्य मानविकी ज़रूरतों के टैक्स भारी मात्रा में कम कर दिए जाएंगे। बहुत बड़ी सुविधा बढ़ेगी। हमारे मध्यम और लघु उद्योगों को बहुत बड़ा लाभ मिलेगा।"
5. निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले युवाओं को 15 हज़ार रुपये
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि आज 15 अगस्त के दिन देश के युवाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये की योजना शुरू कर रहे हैं। आज से 'प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना' लागू हो रही है। इस योजना के तहत निजी क्षेत्र में पहली नौकरी पाने वाले नौजवान को 15 हज़ार रुपये सरकार की तरफ़ से दिए जाएंगे। जो कंपनियां रोजगार के नए अवसर ज़्यादा पैदा करेंगी उन्हें भी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना क़रीब साढ़े तीन करोड़ नौजवानों को रोजगार के नए अवसर देगी।
6. 'हाई पावर डेमोग्राफी मिशन' का एलान
प्रधानमंत्री ने अपने भाषण में कथित 'घुसपैठियों' का ज़िक्र करते हुए इसे देश के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए कहा कि षड्यंत्र के तहत, सोची समझी साजिश के तहत देश की डेमोग्राफी को बदला जा रहा है। एक नए संकट के बीज बोए जा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ये घुसपैठिए मेरे देश के नौजवानों की रोजी-रोटी छीन रहे हैं, ये घुसपैठिए मेरे देश की बहन-बेटियों को निशाना बना रहे हैं, यह बर्दाश्त नहीं होगा। ये घुसपैठिए भोले भाले आदिवासियों को भ्रमित करके उनकी ज़मीनों पर कब्जा कर रहे हैं, यह देश सहन नहीं करेगा।
उन्होंने कहा, "जब सीमावर्ती क्षेत्र में डेमोग्राफी में परिवर्तन होता है, तब राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए संकट पैदा होता है, देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए संकट पैदा होता है. कोई अपना देश घुसपैठियों के हवाले नहीं कर सकता है, तो हम भारत को कैसे कर सकते हैं..."
पीएम मोदी ने कहा, "इसलिए हमने एक 'हाई पावर डेमोग्राफी मिशन' शुरू करने का निर्णय किया है।"
7. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का जिक्र
प्रधानमंत्री ने लाल किले से अपने भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष का जिक्र करते हुए कहा कि आज मैं गर्व के साथ इस बात का उल्लेख करना चाहता हूं कि आज से 100 वर्ष पहले राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का जन्म हुआ था। राष्ट्र की सेवा के ये 100 वर्ष एक अत्यंत गौरवपूर्ण और स्वर्णिम अध्याय हैं।


Social Plugin