Type Here to Get Search Results !
ADVERTISEMENT

पूरे प्रदेश में राजकीय सम्मान से मनाई जाएगी डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती

Sir Ji Ki Pathshala

पूरे प्रदेश में राजकीय सम्मान से मनाई जाएगी डॉ भीमराव अम्बेडकर जयंती

डा. भीमराव अम्बेडकर की 134वीं जयंती 14 अप्रैल को पूरे प्रदेश में पूरे राजकीय सम्मान के साथ मनाई जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस विशेष अवसर पर जिलों में भव्य समारोह, विचार गोष्ठियों एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। वहीं, जयंती से एक दिन पूर्व प्रदेश के समस्त पार्कों एवं स्मारकों की विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी, जहां महापुरुषों, राष्ट्रनायकों की प्रतिमाएं स्थापित हैं। इस अभियान में स्थानीय जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी भी सहभाग करेंगे।

डॉ भीमराव अम्बेडकर प्रतीकात्मक इमेज

14 अप्रैल को जिलों के समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि डा. अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि एवं माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित करेंगे। उनके जीवन व कृतित्व पर आधारित विशेष कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। राज्यभर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें डॉ. आंबेडकर के विचारों एवं संविधान निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया जाएगा।

मुख्य सचिव द्वारा समस्त मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्वयं इन आयोजनों में भाग लें तथा जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं विद्यार्थियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें।

भाजपा का आंबेडकर सम्मान अभियान आज से

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी भारत रत्न डा. भीमराव आंबेडकर सम्मान अभियान का शुभारंभ रविवार से करेगी। राजधानी लखनऊ के भागीदारी भवन में रविवार को आयोजित अभियान की कार्यशाला को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य तथा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश संबोधित करेंगे। कार्यशाला में प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी तथा अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष सम्मिलित रहेंगे। अभियान के तहत रविवार को बाबा साहब के प्रतिमा स्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

रात्रि में बाबा साहेब की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्जवलित किये जाएंगे। 14 अप्रैल को भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि स्थानीय नागरिकों के साथ डा. अम्बेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण करके नमन करेंगे तथा संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया जाएगा। अभियान के तहत 15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक जिला स्तर पर संगोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। अभियान की प्रदेश टोली में प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेन्द्र सिंह, रामप्रताप चौहान, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचन्द्र कनौजिया, प्रदेश मंत्री शंकर लोधी तथा प्रदेश मंत्री पूनम बजाज को शामिल किया गया है।

Top Post Ad

ADVERTISEMENT

Bottom Post Ad

ADVERTISEMENT