Type Here to Get Search Results !

अब परिषदीय स्कूलों का परीक्षा परिणाम प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन उपलब्ध होगा

Sir Ji Ki Pathshala

प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन परीक्षा परिणाम अपलोड होने से खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों की समीक्षा करना और सुधार के प्रयास करना आसान हो जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा निदेशालय ने निर्देश जारी कर दिए हैं। आपको बता दें, विद्या समीक्षा केंद्र से स्कूलों की व्यवस्था और शैक्षिक गुणवत्ता की ऑनलाइन निगरानी की जाती है। इसी क्रम में अब परीक्षा परिणाम पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा प्रदान की गई है।

अब परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले सभी छात्रों का परीक्षा परिणाम ऑनलाइन उपलब्ध होगा। सभी स्कूलों के छात्रों का रिजल्ट प्रेरणा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। छात्रों का परीक्षा परिणाम आसानी से ऑनलाइन देखा जा सकता है। विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से प्रत्येक स्कूल के परिणामों का विश्लेषण किया जाएगा। खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों के नतीजे सुधारने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। शैक्षिक गुणवत्ता बढ़ने के साथ-साथ परीक्षाओं में भी सुधार होगा।

स्कूल शिक्षा महानिदेशालय द्वारा प्रेरणा पोर्टल पर ऑनलाइन रिजल्ट अपलोड करने का विकल्प जोड़ा गया है। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित इन स्कूलों में साल भर में दो सत्रीय परीक्षाएं होती हैं। यह परीक्षा अगस्त और फरवरी महीने में ली जाती है. अक्टूबर में अर्धवार्षिक परीक्षाएं और मार्च में वार्षिक परीक्षाएं होती हैं। कई बार तो स्कूलों में परीक्षा परिणाम भी विद्यार्थियों के अनुरूप तैयार नहीं किया जाता है। 

ऐसे में अब ऑनलाइन व्यवस्था से किसी भी तरह की गड़बड़ी की संभावना नहीं रहेगी. प्रदेश में कुल 1.32 लाख परिषदीय प्राथमिक विद्यालय और उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। इन स्कूलों में कुल 1.54 करोड़ छात्र पढ़ते हैं। स्कूलों की निगरानी और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार के लिए राज्य स्तर पर विद्या समीक्षा केंद्र बनाया गया है। केंद्र की मदद से स्कूलों की प्रदर्शन रिपोर्ट समय-समय पर विभिन्न जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भेजी जाती है। अनियमितता पाए जाने पर शिक्षकों पर कार्रवाई भी की जाती है. अब नतीजे ऑनलाइन होने से छात्रों के रिकॉर्ड हर समय उपलब्ध रहेंगे। हर वर्ष का रिजल्ट उपलब्ध रहने से विद्यार्थियों का सतत मूल्यांकन भी आसानी से किया जा सकेगा।