Type Here to Get Search Results !

शिक्षकों का मेडिकल लीव लेना हुआ आसान, अब रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर द्वारा जारी चिकित्सा प्रमाणपत्र भी होगा मान्य, देखें आदेश

Sir Ji Ki Pathshala

ज्ञानपुर, भदोही। परिषदीय स्कूलों के शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए अब छुट्टी लेना आसान हो गया है। मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए अब न तो सीएमओ कार्यालय और न ही किसी सरकारी अस्पताल का चक्कर लगाने की जरूरत होगी। इसके साथ ही स्टांप पेपर पर शपथ पत्र की भी जरूरत नहीं होगी। सरकार ने उनकी छुट्टी लेने की प्रक्रिया को सरल बना दिया है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा का पत्र मिलने के बाद विभाग इसे लागू करने की तैयारी कर रहा है। जिले में कुल 885 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक एवं कंपोजिट विद्यालय संचालित हो रहे हैं। जिसमें चार हजार से अधिक शिक्षक व कर्मचारी तैनात हैं। अब तक मेडिकल लीव के लिए उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ता होगा।



स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की स्थिति में या किसी भी समय छुट्टी लेने के लिए चिकित्सा प्रमाण पत्र जारी करने के लिए अधिकृत डॉक्टरों में पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनरों को शामिल नहीं किया गया था। इसके कारण, शिक्षकों और कर्मचारियों को अधिकृत डॉक्टरों की तलाश में सीएमओ कार्यालयों, जिला स्तरीय अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा करना पड़ता था।

ऐसे में अब मेडिकल सर्टिफिकेट जारी करने के लिए अधिकृत डॉक्टरों के निर्धारण में सभी पंजीकृत मेडिकल प्रैक्टिशनर्स को भी शामिल कर लिया गया है।


अवकाश के संबंध में ये बदलाव हुए


पहले एक बार में बाल्य देखभाल अवकाश देने की कोई समय सीमा नहीं थी, जबकि अब बाल्य देखभाल अवकाश सामान्यतः एक बार में अधिकतम 30 दिन के लिए ही दी जायेगी। चुनाव, आपदा, जनगणना एवं बोर्ड परीक्षा अवधि के दौरान बाल देखभाल अवकाश को खण्ड शिक्षा अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा विचारोपरान्त पांच दिन पूर्व बढ़ाया जायेगा। वर्तमान में शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को प्रतिकर अवकाश स्वीकृत किया जा रहा है, जबकि बदलाव में कहा गया है कि परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को निर्बंधित अवकाश, प्रतिकर अवकाश एवं अध्ययन अवकाश स्वीकृत नहीं है।


"महानिदेशक स्कूल शिक्षा की ओर से शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों के अवकाश स्वीकृत करने के निर्देश आ गए हैं। इस संबंध में सभी खंड शिक्षा अधिकारियों व प्रधानाध्यापकों को कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जायेगा।" -भूपेंद्र नारायण सिंह, बीएसए भदोही।


महानिदेशक महोदया द्वारा जारी आदेश देखें