UPPSC PCS Exam 2024: अभ्यर्थियों के मुताबिक जब लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही दिन में बिना किसी गड़बड़ी के कराए जा सकते हैं तो पांच लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही दिन में क्यों नहीं कराई जा सकती।
![]() |
| यूपीपीसीएस दफ्तर के बाहर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन |
UP PCS EXAM 2024 की प्रारंभिक परीक्षा लगातार दूसरी बार स्थगित कर दी गई है। यह परीक्षा अब अक्टूबर के आखिरी सप्ताह के बजाय 7 और 8 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। यह पहली बार होगा जब पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा दो दिनों में आयोजित की जाएगी। इस बार प्रारंभिक परीक्षा में शामिल होने के लिए करीब छह लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है।
सामान्यीकरण पैटर्न पर प्रारंभिक परीक्षा दो दिन में कराने के फैसले का कई अभ्यर्थी विरोध कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि दो दिन की परीक्षा होने से कुछ अभ्यर्थियों को आसान पेपर तो कुछ को कठिन पेपर मिल सकता है। कई पात्र अभ्यर्थी प्रारंभिक परीक्षा में ही बाहर हो सकते हैं। अभ्यर्थियों के मुताबिक आयोग ने अपने विज्ञापन में यह भी बताया था कि प्रारंभिक परीक्षा एक ही दिन में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा दो दिन आयोजित करने पर कुछ अभ्यर्थी कोर्ट भी जा सकते हैं। सुनवाई पूरी होने तक हाईकोर्ट भर्ती पर रोक लगा सकता है। इसका खामियाजा कई अभ्यर्थियों को भुगतना पड़ सकता है।
अभ्यर्थियों का कहना है कि तमाम विवादों से बचने के लिए प्रारंभिक परीक्षा परंपरागत रूप से एक ही दिन आयोजित की जानी चाहिए। अभ्यर्थियों के मुताबिक जब लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक ही दिन में बिना किसी गड़बड़ी के कराए जा सकते हैं तो पांच लाख अभ्यर्थियों की परीक्षा एक ही दिन में क्यों नहीं कराई जा सकती। परीक्षा केंद्र के नाम पर आयोग मनमानी नहीं कर सकता।
प्रारंभिक परीक्षा दो दिन कराने के फैसले का विरोध करते हुए दर्जनों अभ्यर्थियों ने आज प्रयागराज में यूपी लोक सेवा आयोग के कार्यालय पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी कई घंटे तक आयोग कार्यालय में डटे रहे। हालाँकि, वह आयोग के किसी भी जिम्मेदार अधिकारी से नहीं मिल सके और न ही अपना ज्ञापन दे सके। अभ्यर्थियों का कहना है कि अगर आयोग उनकी बात नहीं सुनता है और मनमाने तरीके से दो दिन परीक्षा कराता है तो अभ्यर्थी इस फैसले के खिलाफ न सिर्फ विरोध प्रदर्शन करेंगे बल्कि कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाएंगे।
अब यह परीक्षा दिसंबर के मध्य में आयोजित होने की संभावना
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने आगामी पीसीएस परीक्षा स्थगित कर दी है। यह परीक्षा 27 अक्टूबर को होनी थी। अब परीक्षा की नई तारीखों की घोषणा दिसंबर के मध्य में की जाएगी।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने एक विज्ञप्ति में कहा कि परीक्षा कैलेंडर 03 जून, 2024 के अनुसार दिनांक 27 अक्टूबर, 2024 को आयोजित होने वाली, ''सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रा०) परीक्षा-2024" को स्थगित कर दिया गया है। अब यह परीक्षा दिसंबर के मध्य तक आयोजित होने की संभावना है। शासनादेश के अनुपालन में जिलों से मानक के अनुरूप परीक्षा केंद्र प्राप्त कर अभ्यर्थियों को जल्द ही परीक्षा की तिथि व कार्यक्रम की जानकारी दी जायेगी।



