DA Hike: केंद्रीय कर्मचारियों को मिला दीपावली गिफ्ट... 3% बढ़ा महंगाई भत्ता, सैलरी में होगा इतना इजाफा

दिल्ली: आज बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने धनतेरस और दिवाली से पहले ही केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ता में 3 फीसदी बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। इस घोषणा के बाद करीब 1 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को फायदा होगा। इस बढ़ोतरी के बाद DA बढ़कर 53 फीसदी हो गया है. इससे पहले इसी साल मार्च में DA में 4 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी।
इस साल 2024 की दूसरी DA बढ़ोतरी है
आमतौर पर केंद्र सरकार जनवरी और जुलाई में कर्मचारियों के डीए में संशोधन करती है। इससे पहले 24 मार्च 2024 को केंद्रीय कर्मचारियों को 4 फीसदी DA बढ़ोतरी का तोहफा दिया गया था। इस बढ़ोतरी से उन्हें मिलने वाला महंगाई भत्ता 46 फीसदी से बढ़कर 50 फीसदी हो गया था जो अब ताजा बढ़ोतरी के बाद 53 फीसदी हो गया है।
वेतन में होगी इतनी बढ़ोत्तरी
अब बात करते हैं कि सरकार द्वारा महंगाई भत्ता 3 फीसदी बढ़ाने के बाद कर्मचारियों की सैलरी में कितनी बढ़ोतरी होगी। तो कैलकुलेशन के मुताबिक अगर किसी कर्मचारी की बेसिक सैलरी 55,200 रुपये है तो फिलहाल उसका महंगाई भत्ता 50 फीसदी के हिसाब से 27,600 रुपये है। वहीं अगर डीए बढ़कर 53 फीसदी हो जाता है तो उनका महंगाई भत्ता बढ़कर 29,256 रुपये हो जाएगा। यानी कर्मचारियों की सैलरी 29,256 रुपये - 27,600 रुपये = 1,656 रुपये बढ़ जाएगी।


