Type Here to Get Search Results !

यूपी पुलिस में जुगाड़ के जरिए सरकारी नौकरी चाहने वाले आरोपी, पुलिस की रडार पर

Sir Ji Ki Pathshala

यूपी पुलिस में जुगाड़ के जरिए सरकारी नौकरी चाहने वाले आरोपी, पुलिस की रडार पर

प्रयागराज, सिपाही भर्ती परीक्षा में सॉल्वर समेत 25 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से कई सॉल्वर दूसरे परीक्षार्थियों की जगह परीक्षा देते हुए पकड़े गए हैं। सॉल्वर के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई है, लेकिन सॉल्वर की मदद लेने वाले अभ्यर्थी फरार हैं। जुगाड़ के जरिए सरकारी नौकरी चाहने वाले इन आरोपियों की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस की मानें तो एयरपोर्ट पुलिस ने किसी और की जगह परीक्षा देने के आरोप में सॉल्वर अमित को बिहार से गिरफ्तार किया था। वह मलाकखुर्द निवासी रोहित यादव की जगह परीक्षा देने आया था। फिलहाल रोहित अभी तक नहीं मिला है। इसी तरह मलाक हरहर के रूपचंद्र ने अपने स्थान पर परीक्षा देने के लिए बिहार से सॉल्वर अभिमन्यु यादव को भेजा था।

अभिमन्यु को शिवकुटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, लेकिन यहां भी रूपचंद्र पकड़ में नहीं आया है। इसी तरह मऊआइमा में सुरेंद्र कुमार ने अपने स्थान पर परीक्षा देने के लिए मीरजापुर से सॉल्वर संजीव को भेजा था। फाफामऊ पुलिस ने सोरांव निवासी संदीप की जगह परीक्षा दे रहे बिहार के राम कुमार को गिरफ्तार किया था। संदीप भी नहीं मिला है। जबकि कर्नलगंज पुलिस ने मऊआइमा के मुकेश सोनी की जगह परीक्षा देने पहुंचे बिहार के सॉल्वर रमन को सेंटर से गिरफ्तार कर लिया था। मुकेश की तलाश जारी है।

इससे पहले झूंसी पुलिस ने सिपाही भर्ती में सेंधमारी के आरोप में पांच सॉल्वर समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया था। इस मामले में तीन नकल माफिया अभी भी फरार हैं और क्राइम ब्रांच उनकी तलाश में जुटी हुई है। कैंट पुलिस को नवाबगंज से दो सॉल्वरों की तलाश है।