प्रयागराज। माध्यमिक शिक्षा विभाग में लंबे समय से लंबित पड़ी भर्ती प्रक्रियाओं को जल्द शुरू कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। प्रतियोगी अभ्यर्थियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को माध्यमिक शिक्षा निदेशक को तीन अलग-अलग ज्ञापन सौंपकर रिक्त पदों पर तत्काल विज्ञापन जारी करने का आग्रह किया।
अभ्यर्थियों ने मांग की कि टीजीटी, पीजीटी, प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और जूनियर हाई स्कूल सहायक अध्यापक के रिक्त पदों पर बिना किसी देरी के भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए। उनका कहना है कि लंबे समय से भर्ती न होने के कारण हजारों अभ्यर्थी प्रतियोगी परीक्षाओं का इंतजार कर रहे हैं।
अभ्यर्थी प्रतिनिधि दिनेश यादव और सुनील कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग में विभिन्न संवर्गों के लगभग 23,800 पद रिक्त हैं। उन्होंने इन सभी पदों के लिए एक साथ विज्ञापन जारी कर पारदर्शी एवं समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया संचालित करने की मांग की।
ज्ञापन में यह भी अनुरोध किया गया कि भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि नवंबर तक चयन प्रक्रिया पूरी कर नियुक्ति की दिशा में आगे बढ़ा जा सके। इससे न केवल बेरोजगार अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा, बल्कि प्रदेश के विद्यालयों में शिक्षकों की कमी भी दूर होगी।
अभ्यर्थियों ने आशा जताई कि शिक्षा विभाग उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जल्द ही रिक्त पदों का विज्ञापन जारी करेगा, जिससे वर्षों से लंबित भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ सके।


