भदोही, 16 जून 2026। प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी, बढ़ते तापमान और हीट वेव (लू) को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने परिषदीय विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव की मांग उठाई है। इस संबंध में संघ के पदाधिकारियों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA), जनपद-भदोही को एक पत्र सौंपकर विद्यालयों का समय परिवर्तित करने का अनुरोध किया है।
सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि दिनांक 16 जून 2026 से समस्त परिषदीय विद्यालयों के संचालन का आदेश जारी किया गया है, जबकि वर्तमान समय में जनपद भदोही में भीषण हीट वेव चल रही है और तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। इस अत्यधिक गर्मी के कारण विद्यालयों में बच्चों की उपस्थिति और शिक्षण कार्य में अत्यंत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है।
बच्चों और शिक्षकों के स्वास्थ्य पर चिंता
शिक्षक संघ ने अपने पत्र में विशेष रूप से उल्लेख किया है कि इस भीषण मौसम के कारण विद्यालयों में उपस्थित होने वाले छोटे बच्चों एवं शिक्षकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ऐसे तपते मौसम में बच्चों को सामान्य समय पर विद्यालय में रखना उनके स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से उचित नहीं है।
7:30 से 11:30 बजे तक संचालन की मांग
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, कार्यालय- बी०आर०सी० ज्ञानपुर (जनपद-भदोही) की ओर से जिला संयोजक धीरेन्द्र यादव और जिला सह-संयोजक अरुण कुमार पाण्डेय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से विनम्र अनुरोध किया है कि जनहित और छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विद्यालय संचालन का समय बदलकर सुबह 7:30 बजे से दोपहर 11:30 बजे तक करने का कष्ट करें। संघ का कहना है कि समय में इस बदलाव से बच्चों और शिक्षकों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।



Social Plugin