लखनऊ: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) द्वारा संचालित हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट की परीक्षाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। होली के आगामी अवकाश के दौरान भी परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा में कोई चूक न हो, इसके लिए शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
27 फरवरी 2026 को जारी इस आधिकारिक आदेश के अनुसार, होली के अवकाश की अवधि (1 मार्च 2026 से 4 मार्च 2026 तक) में सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गई है।
प्रमुख निर्देश और सुरक्षा व्यवस्था
शिक्षा विभाग द्वारा जारी पत्र में निम्नलिखित मुख्य बिंदुओं पर जोर दिया गया है:
- मुख्यालय छोड़ने पर पाबंदी: परीक्षा कार्य से जुड़े सभी अधिकारी और कर्मचारी बिना सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। यदि कोई अधिकारी इसका उल्लंघन करता है, तो उसके विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
- स्ट्रॉग रूम की अभेद्य सुरक्षा: परीक्षा केंद्रों पर प्रश्नपत्रों की गोपनीयता बनाए रखने के लिए स्ट्रॉग रूम की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। किसी भी प्रकार की सुरक्षा त्रुटि होने पर केंद्र व्यवस्थापक और संबंधित प्रभारी अधिकारी सीधे जिम्मेदार होंगे।
- मोबाइल फोन रहेगा 24x7 एक्टिव: आपातकालीन स्थिति और तत्काल समन्वय के लिए सभी अधिकारियों को अपना मोबाइल फोन चौबीसों घंटे चालू (Active) रखने का निर्देश दिया गया है। संपर्क न हो पाने की स्थिति को कार्य के प्रति घोर लापरवाही माना जाएगा।
- आकस्मिक निरीक्षण: अवकाश के दौरान परीक्षा केंद्रों का नियमित और आकस्मिक निरीक्षण किया जाएगा। इस दौरान सीसीटीवी (CCTV) नियंत्रण व्यवस्था, सुरक्षा और तैनात कर्मियों की उपस्थिति की सूक्ष्म जांच की जाएगी।


Social Plugin