रामपुर, 13 मार्च 2026।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, रामपुर द्वारा मध्याह्न भोजन (पीएम पोषण) योजना के अंतर्गत जनपद के प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति से संबंधित महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। इस संबंध में जारी पत्र के अनुसार निर्धारित मानक के आधार पर गैस रिफिल की मासिक आवश्यकता तय की गई है।
जारी आदेश में बताया गया है कि कुछ परिस्थितियों के कारण एलपीजी गैस की आपूर्ति की व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जनपद के विद्यालयों और संबंधित संस्थाओं में गैस रिफिल की आवश्यकता का विवरण तैयार किया गया है। इसके अनुसार प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के लिए प्रतिमाह 4024 गैस रिफिल, जबकि पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं के लिए 330 गैस रिफिल की आवश्यकता निर्धारित की गई है।
इसके अतिरिक्त जनपद के कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों के लिए भी अलग-अलग गैस रिफिल की मासिक आवश्यकता तय की गई है। इसमें केजीबीवी सैदनगर – 23, चमरौआ – 24, स्वार – 25, नगर रामपुर – 16, बिलासपुर – 23, शाहबाद – 23 तथा मिलक – 18 गैस रिफिल प्रतिमाह निर्धारित किए गए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कल्पना देवी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि इस सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन योजना सुचारू रूप से चलती रहे और विद्यार्थियों को समय पर भोजन उपलब्ध हो सके।


