लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। भर्ती के अंतिम चयन परिणाम में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 18,210 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। वहीं, अनुसूचित जाति के 7,136 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल की है, जिनमें 4,481 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
इस भर्ती के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस के 10,469, आरक्षी पीएसी/सशस्त्र पुलिस के 15,131, आरक्षी विशेष सुरक्षा बल के 1,341, पीएसी महिला बटालियन में महिला आरक्षी के 2,282, आरक्षी घुड़सवार पुलिस के 71, जेल वार्डर (पुरुष) के 3,279 और जेल वार्डर (महिला) के 106 पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी की गई है।
अंतिम चयन परिणाम के अनुसार, सामान्य वर्ग के कुल 6,685 अभ्यर्थी शामिल हैं। इनमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के 4,628 अभ्यर्थी हैं। ओबीसी वर्ग के लिए निर्धारित 8,818 पदों की तुलना में 18,210 अभ्यर्थी सफल हुए हैं। इसी तरह अनुसूचित जाति के 6,857 पदों के सापेक्ष 7,136 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है।
भर्ती बोर्ड के अनुसार, आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए कुल 28,86,797 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। लिखित परीक्षा इसी वर्ष 8, 9 और 10 जून को प्रदेश के सभी जिलों में छह पालियों में आयोजित की गई थी।
लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की अभिलेखों की जांच और शारीरिक मानक परीक्षा के बाद दौड़ आयोजित की गई। यह प्रक्रिया 1 से 11 अक्टूबर के बीच पूरी हुई। अभ्यर्थियों की दौड़ का निष्पक्ष मूल्यांकन करने के लिए आरएफआईडी तकनीक का इस्तेमाल किया गया।
बोर्ड ने दौड़ की प्रक्रिया पूरी होने के तीन दिन बाद ही भर्ती का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। इस तरह आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की चयन प्रक्रिया पूरी हो गई है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म