प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (D.El.Ed) प्रशिक्षण बैच-2023 के प्रशिक्षुओं के लिए बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी (पीएनपी), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज ने चतुर्थ सेमेस्टर परीक्षा के अंकपत्र (मार्कशीट) और प्रमाणपत्र जारी करते हुए प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) को इनके वितरण के संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी कार्यालय द्वारा 22 सितंबर 2026 को जारी पत्र (पत्रांक: गोप०/डी०एल०एड०-2023/5234/2026-2027) के अनुसार, D.El.Ed 2023 बैच के चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा मई 2026 में आयोजित की गई थी। उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के उपरांत परीक्षा परिणाम जुलाई 2026 के अंतिम सप्ताह में घोषित किया गया था।
सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने पत्र में स्पष्ट किया है कि कार्यदायी संस्था द्वारा D.El.Ed 2023 चतुर्थ सेमेस्टर के अंकपत्र, प्रमाणपत्र और गणक पंजिका (Tabulation Register) कार्यालय को उपलब्ध करा दी गई है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों के प्रशिक्षु अंकपत्र व प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए लगातार पीएनपी कार्यालय से संपर्क कर रहे थे।
छात्रों की सहूलियत को देखते हुए पीएनपी ने प्रदेश के सभी जनपदों के उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने जनपद से संबंधित प्रशिक्षुओं के अंकपत्र, प्रमाणपत्र और गणक पंजिका पीएनपी कार्यालय से प्राप्त कर लें। साथ ही, संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों और डायट के माध्यम से सभी प्रशिक्षुओं को समयबद्ध तरीके से इनके वितरण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएनपी के इस औपचारिक आदेश के बाद अब 2023 बैच के प्रशिक्षु अपने संबंधित डायट या निजी बीटीसी/डीएलएड कॉलेजों से संपर्क कर अंकपत्र और प्रमाणपत्र प्राप्त कर सकेंगे।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म