Type Here to Get Search Results !

यूपी के परिषदीय विद्यालयों में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करने के निर्देश, 15 फरवरी से 15 मार्च 2027 के बीच होंगे कार्यक्रम

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शैक्षिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों, अभिभावकों व विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों को सम्मानित करने के उद्देश्य से परिषदीय विद्यालयों में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए जाएंगे। महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा की ओर से सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट में प्रदेश के समस्त परिषदीय विद्यालयों (पीएम श्री विद्यालयों को छोड़कर) में पुरस्कार वितरण समारोह के आयोजन की स्वीकृति प्राप्त है। इसके तहत विद्यालयों में बच्चों एवं अभिभावकों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों एवं योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

परिषदीय विद्यालयों में पुरस्कार वितरण समारोह

पुरस्कार वितरण समारोह में ग्राम पंचायत के निर्वाचित प्रतिनिधि, विद्यालय प्रबंध समिति के सदस्य तथा समस्त अभिभावकों को आयोजन से कम से कम दो दिन पूर्व सूचित किया जाए। कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यापकों द्वारा व्यक्तिगत तथा बच्चों द्वारा निर्मित सामग्री का प्रदर्शन भी किया जाएगा।

किन्हें मिलेगा पुरस्कार

विद्यालय स्तर पर पुरस्कार वितरण के लिए निम्न व्यवस्था की गई है—

  1. प्रत्येक कक्षा से विगत परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र/छात्रा को पुरस्कृत किया जाएगा।
  2. प्रत्येक कक्षा से सर्वाधिक उपस्थिति वाले एक छात्र/छात्रा को पुरस्कार दिया जाएगा।
  3. प्रत्येक कक्षा से विभिन्न गतिविधियों, लेखन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एक छात्र/छात्रा को सम्मानित किया जाएगा।
  4. प्रत्येक कक्षा से ऐसे एक अभिभावक को सम्मानित किया जाएगा, जिनके बच्चे ने विगत परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त किए हों।
  5. प्रत्येक विद्यालय से ऐसे एक अभिभावक को सम्मानित किया जाएगा, जिनके बच्चे की विद्यालय में सर्वाधिक उपस्थिति रही हो।
  6. विद्यालय प्रबंध समिति के उन सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने नियमित एसएमसी बैठकों में प्रतिभाग किया तथा विद्यालय की गतिविधियों एवं कार्यक्रमों में सहयोग प्रदान किया।
  7. समारोह में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं के उत्साहवर्धन के लिए यथासंभव टॉफी, चॉकलेट एवं स्टेशनरी सामग्री का वितरण किया जाएगा।

पुरस्कार के लिए खरीदी जा सकने वाली सामग्री

निर्देश के अनुसार पुरस्कार वितरण के लिए लंच बॉक्स, पानी की बोतल, ट्रॉफी, ड्राइंग नोटबुक, कैनवास और वाटर कलर, स्टेशनरी सामग्री, पेन, पेंसिल, रबर, कटर एवं स्केल सहित पेन आदि खरीदे जा सकते हैं।

इसके अलावा बच्चों को कहानी की किताबें तथा महान विभूतियों के जीवन चरित्र पर आधारित पुस्तकें भी पुरस्कार के रूप में दी जा सकती हैं। अभिभावकों के लिए शॉल, मोमेंटो तथा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी पत्ती जैसी सामग्री का भी प्रावधान किया गया है।

समारोह के आयोजन के लिए धनराशि

विद्यालय स्तर पर पुरस्कार वितरण समारोह के आयोजन के लिए विभिन्न मदों में खर्च की सीमा भी निर्धारित की गई है। इसमें कार्यक्रम के लिए लाइट, साउंड, बैठने हेतु कुर्सियां आदि की व्यवस्था पर अधिकतम ₹1,500, सभी अभिभावकों के जलपान के लिए ₹1,500 तक तथा पुरस्कार सामग्री की खरीद के लिए ₹2,000 तक व्यय निर्धारित किया गया है।

इसके अतिरिक्त विद्यालय स्तर पर वार्षिकोत्सव के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह के आयोजन के लिए प्रति विद्यालय ₹5,000 की दर से धनराशि एसएनए स्पर्श (SNA SPARSH) के माध्यम से जारी किया जाएगा।

15 फरवरी से 15 मार्च 2027 के बीच होंगे समारोह

वार्षिकोत्सव के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन 15 फरवरी 2027 से 15 मार्च 2027 के मध्य कराया जाएगा। सभी विद्यालयों को निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रधानाध्यापक द्वारा पुरस्कार वितरण कार्यक्रम की जियो टैग फोटोग्राफ्स प्रेरणा पोर्टल के एसएमसी मॉड्यूल पर अपलोड किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि उपरोक्त निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करते हुए विद्यालयों में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन कराया जाए।

यूपी के परिषदीय विद्यालयों में पुरस्कार वितरण समारोह





Top Post Ad

Bottom Post Ad