प्रयागराज: उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रदेश के अशासकीय अनुदानित महाविद्यालयों एवं महिला महाविद्यालयों में सहायक आचार्य (Assistant Professor) के 1936 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार विज्ञापन संख्या 04/2026 के तहत योग्य अभ्यर्थी 8 सितंबर 2026 से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
आयोग ने अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए One Time Registration (OTR) व्यवस्था लागू की है। विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि अभ्यर्थियों को पहले OTR प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही सहायक आचार्य पद के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकेगा।
आयोग ने कहा है कि विज्ञापित पदों की अर्हता एवं पात्रता के संबंध में अलग से कोई परामर्श नहीं दिया जाएगा। अभ्यर्थियों के लिए विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका आयोग की वेबसाइट upessc.up.gov.in पर उपलब्ध कराई गई है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विस्तृत विज्ञापन का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।
यूपी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती 2026 की महत्वपूर्ण तिथियां इस प्रकार हैं—
- विज्ञापन जारी होने की तिथि: 8 सितंबर 2026
- ऑनलाइन पंजीकरण (OTR)/आवेदन शुरू: 8 सितंबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 7 अक्टूबर 2026
- ऑनलाइन आवेदन में संशोधन की अंतिम तिथि: 11 अक्टूबर 2026
- परीक्षा की तिथि: 19 एवं 20 नवंबर 2026
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर OTR पूरा करने के बाद ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क जमा करने और आवेदन में संशोधन की तिथियों का भी विशेष ध्यान रखना होगा, क्योंकि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद संबंधित प्रक्रिया का अवसर नहीं मिलेगा।
आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले पदवार शैक्षिक योग्यता, विषयवार पद, आयु सीमा, आरक्षण, शुल्क, परीक्षा प्रक्रिया तथा अन्य आवश्यक शर्तों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन एवं निर्देश पुस्तिका से अवश्य जांच लें। भर्ती से संबंधित आधिकारिक जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म