लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बेसिक और माध्यमिक विद्यालयों की प्रार्थना सभा को अधिक प्रभावी, संगीतमय और व्यवस्थित बनाने की तैयारी की जा रही है। राज्य शैक्षिक तकनीकी संस्थान (एसआईईटी) की ओर से 12 प्रेरणादायक प्रार्थनाओं की संगीतबद्ध वीडियो सामग्री तैयार कराई जाएगी।
इन प्रार्थनाओं को तकनीक के माध्यम से संगीतमयी और सुरमयी स्वरूप में तैयार किया जाएगा। रिकॉर्डिंग और संपादन के बाद इनकी वीडियो सामग्री को यूट्यूब, फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे विद्यालय और शिक्षक अपनी आवश्यकता के अनुसार इन प्रार्थनाओं का प्रयोग प्रार्थना सभा में कर सकेंगे।
एसआईईटी की ओर से प्रार्थनाओं को लेकर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला भी आयोजित की गई। इसमें संगीत शिक्षकों और छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला में प्रार्थनाओं के गायन, सामूहिक प्रस्तुति, संगीत संयोजन और स्टूडियो में रिकॉर्डिंग की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
एसआईईटी निदेशक डॉ. मुकेश चंद्र ने बताया कि सभी विद्यालयों की प्रार्थना सभा में प्रेरणादायी प्रार्थनाएं कराए जाने की दिशा में यह पहल की जा रही है। इसके तहत 12 प्रार्थनाओं की रीयल टाइम शूटिंग और रिकॉर्डिंग की जाएगी।
संगीत शिक्षकों और छात्राओं के साथ इन प्रार्थनाओं को स्टूडियो में रिकॉर्ड किया जाएगा। इसके बाद रिकॉर्डिंग और संपादन की प्रक्रिया पूरी करके अंतिम वीडियो सामग्री तैयार की जाएगी। तैयार वीडियो को डिजिटल मंचों पर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि विद्यालयों में प्रार्थना सभा के दौरान इनका उपयोग किया जा सके।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म