उन्नाव। जनपद के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों के समायोजन (Adjustment) की प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को बीएसए शैलेश कुमार पाण्डेय ने जनपद के समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को निर्देश जारी करते हुए समायोजित शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने की अद्यतन स्थिति रिपोर्ट तलब की है।
क्या है पूरा मामला?
शासनादेश और शिक्षा निदेशक (बेसिक) के निर्देशों के क्रम में, शैक्षिक सत्र 2025-26 के लिए अंत:जनपदीय स्थानांतरण और समायोजन की प्रक्रिया गतिमान थी। इसका मुख्य उद्देश्य उन विद्यालयों में शिक्षकों की कमी को दूर करना था जो 'शिक्षक विहीन' हैं या 'एकल शिक्षक' (Single Teacher) के भरोसे चल रहे हैं। इसके लिए सरप्लस (मानक से अधिक) शिक्षकों वाले स्कूलों से शिक्षकों को हटाकर जरूरत वाले स्कूलों में भेजा गया था।
31 दिसंबर 2025 को कार्यालय द्वारा विस्तृत समायोजन आदेश निर्गत किए गए थे, लेकिन अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि कितने शिक्षकों ने अपने नए आवंटित स्कूलों में ज्वाइन किया है।
तीन दिनों का अल्टीमेटम
बीएसए द्वारा जारी पत्र के अनुसार, सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को एक निर्धारित प्रारूप पर सूचना भरनी होगी। इसमें निम्नलिखित जानकारियां मांगी गई हैं:
- समायोजित शिक्षक का नाम और पद।
- पूर्व में कार्यरत विद्यालय और विकास खंड।
- नया आवंटित विद्यालय और उसका विकास खंड।
- कार्यभार ग्रहण किया या नहीं (हाँ/नहीं में)।
- यदि कार्यभार ग्रहण नहीं किया, तो उसका स्पष्ट कारण।


