चित्रकूट। जिले की शिक्षा व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के अभियान के तहत जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने बड़ी कार्रवाई की है। मानिकपुर क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय करौंहा के प्रधानाध्यापक कुंज बिहारी तिवारी को अनुशासनहीनता और सरकारी आदेशों की अवहेलना के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बी.के. शर्मा ने अपराह्न 3:10 बजे उच्च प्राथमिक विद्यालय करौंहा का औचक निरीक्षण किया। नियमानुसार विद्यालय खुले होने के समय पर भी स्कूल के कमरों में ताले लटके मिले। शासन द्वारा जारी 'टाइम एंड मोशन' स्टडी के निर्देशों के मुताबिक, शिक्षकों को विद्यालय बंद होने के निर्धारित समय के कम से कम 30 मिनट बाद तक परिसर में मौजूद रहना अनिवार्य है, लेकिन यहाँ नियमों की धज्जियाँ उड़ाई जा रही थीं।
बीएसए द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि प्रधानाध्यापक कुंज बिहारी तिवारी न तो स्वयं समय सारणी का पालन कर रहे थे और न ही अपने स्टाफ से करा पा रहे थे। यह उनकी कार्यशैली में सुधार न होने का दूसरा बड़ा उदाहरण है। इससे पहले मई 2025 में भी मिड-डे मील (MDM) वितरण में भारी लापरवाही पाई गई थी। बिना सूचना के अनुपस्थित रहने पर उनका एक माह का वेतन रोका गया था।
"शासकीय आदेशों की अवहेलना और कर्तव्य पालन में शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले शिक्षकों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।" — बी.के. शर्मा, BSA चित्रकूट
इस कड़ी कार्रवाई के बाद जिले के अन्य विद्यालयों में हड़कंप मच गया है। विभाग ने साफ संकेत दे दिए हैं कि शिक्षक अपनी उपस्थिति और विद्यालय की समय अवधि को लेकर कतई लापरवाही न बरतें।



