UPPSC परीक्षा 2026: नकल करने पर आजीवन प्रतिबंध व 1 करोड़ तक जुर्माने की चेतावनी
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने सहायक अध्यापक (LT ग्रेड) परीक्षा–2025 से पहले अभ्यर्थियों के लिए कड़ा संदेश जारी किया है। आयोग ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नकल या अन्य अनुचित साधनों में संलिप्त पाए जाने वाले अभ्यर्थियों पर उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम–2024 के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
जनवरी 2026 में प्रस्तावित है परीक्षा
आयोग के अनुसार सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) परीक्षा–2025 का आयोजन 17, 18, 24 और 25 जनवरी 2026 को किया जाएगा। परीक्षा को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। इनमें मेटल डिटेक्टर से जांच, लाइव सीसीटीवी निगरानी और अभ्यर्थियों का बायोमैट्रिक सत्यापन शामिल है।
नकल पर जीरो टॉलरेंस नीति
UPPSC ने हाल ही में हुए एक मामले का हवाला देते हुए बताया कि दिसंबर 2025 में आयोजित परीक्षा के दौरान चार अभ्यर्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए पकड़ा गया। आयोग ने इनके विरुद्ध न केवल संबंधित थानों में मुकदमा दर्ज कराया, बल्कि इन सभी अभ्यर्थियों को आयोग की समस्त परीक्षाओं और चयन प्रक्रियाओं से स्थायी रूप से डिबार कर दिया गया है। इसके साथ ही इस कार्रवाई की सूचना संघ लोक सेवा आयोग और अन्य राज्य लोक सेवा आयोगों को भी भेजी गई है।
नए कानून के तहत कड़ी सजा
विज्ञप्ति में बताया गया है कि अधिनियम–2024 के अंतर्गत नकल करना, नकल कराना, प्रश्नपत्र लीक करना या इस प्रकार के षड्यंत्र में शामिल होना गंभीर आपराधिक कृत्य है। दोष सिद्ध होने पर:
- एक करोड़ रुपये तक का जुर्माना,
- आजीवन कारावास (उम्रकैद),
- या दोनों सजाएं एक साथ दी जा सकती हैं।
अभ्यर्थियों से आयोग की अपील
परीक्षा नियंत्रक हर्ष देव पाण्डेय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे केवल अपनी मेहनत और योग्यता पर भरोसा रखें। किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों का प्रयोग न करें, क्योंकि एक छोटी सी गलती उनका पूरा करियर बर्बाद कर सकती है।
UPPSC की यह चेतावनी स्पष्ट संकेत है कि अब सरकारी परीक्षाओं में नकल करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और कानून पूरी सख्ती के साथ लागू किया जाएगा।
#UPPSC
#UPPSCExam2025
#UPPSCNotice
#UPPSCBreaking


Social Plugin