लखनऊ। बेसिक शिक्षा विभाग में परिषदीय शिक्षकों के लिए गर्मी और जाड़े की छुट्टियों के दौरान पारस्परिक स्थानांतरण की व्यवस्था होती है, जिसमें जिले के भीतर (अंतःजनपदीय) और जिले के बाहर (अंतरजनपदीय) स्थानांतरण का विकल्प मिलता है। लेकिन इस बार शीतकालीन अवकाश शुरू हो जाने के बावजूद पारस्परिक स्थानांतरण को लेकर अब तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे स्थानांतरण की प्रतीक्षा कर रहे हजारों शिक्षकों में नाराजगी देखी जा रही है।
14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश
परिषदीय विद्यालयों में 14 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित है। ऐसे में शिक्षक उम्मीद कर रहे थे कि जाड़े की छुट्टियों में पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, लेकिन आदेश न आने से उनका नया साल मायूसी भरा होता दिख रहा है।
बीटीसी शिक्षक संघ ने मंत्री से मांगा हस्तक्षेप
इस मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह से हस्तक्षेप की मांग की है। संघ का कहना है कि जाड़े की छुट्टियों में पारस्परिक स्थानांतरण की प्रक्रिया का कार्यक्रम तत्काल जारी किया जाना चाहिए, ताकि शिक्षक अपने घर के नजदीक तैनाती पा सकें।
देरी से प्रक्रिया पूरी होना होगा मुश्किल
संघ के अध्यक्ष अनिल यादव ने बताया कि यदि जल्द आदेश जारी नहीं हुए तो शीतकालीन अवकाश में पारस्परिक स्थानांतरण मिलना कठिन हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आदेश जारी होने के बाद भी शिक्षक का पेयर (तालमेल) बनना, आवेदन, सत्यापन जैसी प्रक्रियाओं में पर्याप्त समय लगता है। देरी होने पर पूरी प्रक्रिया अधूरी रह सकती है।
पोर्टल खोलने की मांग
शिक्षकों की मांग है कि पारस्परिक स्थानांतरण के लिए अविलंब आदेश जारी किए जाएं। संबंधित पोर्टल खोला जाए, ताकि शिक्षक समय रहते आवेदन कर सकें और आपसी तालमेल बनाकर स्थानांतरण प्रक्रिया पूरी कर सकें
गर्मी की छुट्टियों तक इंतजार की आशंका
पदाधिकारियों का कहना है कि यदि जाड़े की छुट्टियों में यह प्रक्रिया पूरी नहीं हुई, तो शिक्षकों को गर्मी की छुट्टियों तक इंतजार करना पड़ेगा। इससे दूर-दराज के विद्यालयों में कार्यरत हजारों शिक्षकों का घर के नजदीक आने का सपना एक बार फिर टल सकता है।


Social Plugin