Type Here to Get Search Results !

एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया लिपिक, एडी बेसिक पर भी केस दर्ज

Sir Ji Ki Pathshala

एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा गया लिपिक, एडी बेसिक पर भी केस दर्ज

आज़मगढ़, एंटी करप्शन टीम ने सोमवार की दोपहर बेसिक शिक्षा विभाग, जाफरपुर के सहायक शिक्षा निदेशक कार्यालय के लिपिक को एक लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। वह बलिया जिले के एक स्कूल संचालक से मान्यता दिलाने के नाम पर रिश्वत ले रहा था। इस मामले में एडी बेसिक की भी संलिप्तता पाई गई है। एंटी करप्शन टीम ने दोनों के खिलाफ नगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के महरो गांव निवासी राजीव कुमार सिंह ने कक्षा छह से आठ तक के लिए जूनियर हाईस्कूल की मान्यता के लिए आवेदन किया था। उनकी फाइल कई माह से एडी बेसिक कार्यालय में लंबित है। मानक पूरा करने के बाद भी मान्यता नहीं दी जा रही है। आरोप है कि एडी कार्यालय के लिपिक मनोज कुमार श्रीवास्तव एक लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पैसा नहीं देने के कारण फाइल लंबित रखी गयी थी।

परेशान होकर राजीव ने चार दिन पहले एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। एंटी करप्शन टीम ने मामले की जांच की. एडी कार्यालय के लिपिक मनोज कुमार श्रीवास्तव की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। इसके बाद टीम ने उसे पकड़ने का प्लान बनाया. केमिकल लगाने के बाद राजीव को एक लाख रुपये दिये गये। डीएम के निर्देश पर राजीव दो कर्मचारियों के साथ एडी कार्यालय पहुंचे। राजीव ने जैसे ही रुपये क्लर्क मनोज कुमार श्रीवास्तव को दिये, Anti Corruption टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रारंभिक जांच में बाबू के साथ ही एडी बेसिक मनोज कुमार मिश्र की भी संलिप्तता पाई गई है। मनोज कुमार मिश्र डीआईओएस हैं। उनके पास एडी बेसिक का चार्ज है। एंटी करप्शन टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर हरिवंश कुमार शुक्ला ने बताया कि दोनों लोगों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।