प्रयागराज: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने सत्र 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षाओं को शुचितापूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कक्ष निरीक्षकों की तैनाती तथा उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य के लिए शिक्षकों का सम्पूर्ण विवरण ऑनलाइन दर्ज कराया जाएगा। इस व्यवस्था से परीक्षा और मूल्यांकन ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता आएगी तथा किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या फर्जीवाड़े की गुंजाइश नहीं रहेगी।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने प्रदेश भर के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का विस्तृत डाटा बोर्ड के आधिकारिक पोर्टल पर अपलोड व अपडेट करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए परिषद की ओर से 15 नवंबर तक की अंतिम समयसीमा तय की गई है। विद्यालयों को तय अवधि के भीतर अपने सभी कार्यरत शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक स्टाफ की सही और प्रमाणित जानकारी पोर्टल पर दर्ज करानी होगी।
बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने प्रदेश के समस्त जनपदों के जिला विद्यालय निरीक्षकों (DIOS) और विद्यालय प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि निर्धारित समय के भीतर शत-प्रतिशत विद्यालयों का डाटा अपडेट कराना सुनिश्चित किया जाए। ऑनलाइन डाटाबेस तैयार होने से परीक्षा के समय शिक्षकों की ड्यूटी लगाने में सहूलियत होगी और विषयवार मूल्यांकनकर्ताओं की उपलब्धता का सटीक आकलन पहले ही किया जा सकेगा। तय तिथि के बाद किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित संस्था प्रधान के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म