उन्नाव। सहायक अध्यापिका मीनू सचान के जनपदीय समायोजन में कथित अनियमितता के मामले में उप शिक्षा निदेशक/प्राचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), उन्नाव ने जांच के आदेश जारी किए हैं। मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति को साक्ष्यों सहित पांच कार्यदिवस के अंदर जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, विकासखंड असोहा के प्राथमिक विद्यालय जबरेला में कार्यरत सहायक अध्यापिका मीनू सचान ने 17 अक्टूबर 2026 को प्रार्थना पत्र देकर जनपदीय समायोजन प्रक्रिया में अनियमितता का आरोप लगाया था। शिक्षिका का कहना है कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव द्वारा नियमों के विरुद्ध उनका समायोजन विकासखंड असोहा के प्राथमिक विद्यालय मुबारकपुर में कर दिया गया, जबकि समायोजन सूची में उनका नाम तीसरे स्थान पर था।
शिक्षिका ने समायोजन प्रक्रिया की जांच कर न्याय दिलाने की मांग की थी। प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच समिति गठित की गई है।
जांच समिति में जिला विद्यालय निरीक्षक उन्नाव श्री सुशील दत्त को अध्यक्ष बनाया गया है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, उन्नाव की प्रधानाचार्य श्रीमती किरण भारती तथा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, उन्नाव के वरिष्ठ प्रवक्ता श्री एस. समर अब्बास जैदी को समिति का सदस्य नामित किया गया है।
कार्यालय आदेश में समिति को समायोजन प्रकरण की जांच कर साक्ष्यों सहित पांच कार्यदिवस के अंदर जांच आख्या उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव को जांच समिति को आवश्यक साक्ष्य एवं सहयोग उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म