Type Here to Get Search Results !

आउट ऑफ स्कूल बच्चों के विशेष प्रशिक्षण के लिए ब्लॉक स्तर पर होगा प्रशिक्षण

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत आउट ऑफ स्कूल बच्चों को विशेष प्रशिक्षण देने के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों और नोडल अध्यापकों का प्रशिक्षण कराया जाएगा। इस संबंध में महानिदेशक, स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक कार्यालय, समग्र शिक्षा उत्तर प्रदेश की ओर से 14 अक्टूबर 2026 को निर्देश जारी किए गए हैं।

परिषदीय विद्यालयों में नामांकित आउट ऑफ स्कूल बच्चों को संघनित पाठ्यक्रम के आधार पर विशेष प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आयु संगत कक्षा के अनुरूप दक्षता स्तर तक लाने के उद्देश्य से यह प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जनपद से प्राथमिक स्तर के दो मास्टर ट्रेनर्स और उच्च प्राथमिक स्तर के तीन मास्टर ट्रेनर्स को राज्य शिक्षा संस्थान, प्रयागराज में प्रशिक्षण दिया गया है। प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने जनपद के प्रत्येक विकासखंड में प्राथमिक स्तर के दो और उच्च प्राथमिक स्तर के तीन ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे।

इसके बाद ब्लॉक स्तर पर प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विकासखंड के विद्यालयों से चयनित नोडल अध्यापकों एवं विशेष प्रशिक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा। इनमें चयनित सेवानिवृत्त शिक्षक और वॉलंटियर भी शामिल होंगे।

समग्र शिक्षा की कार्ययोजना एवं बजट 2026-27 के अंतर्गत भारत सरकार के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड द्वारा Special Training for OoSC मद में 75 जनपदों के लिए कुल 8 करोड़ 32 लाख 57 हजार 200 रुपये की लिमिट जारी की गई है।

जारी निर्देशों के अनुसार, प्रशिक्षण में प्रति प्रतिभागी 600 रुपये तथा प्रति जनपद/ब्लॉक प्रशिक्षण सामग्री के लिए 1,000 रुपये की दर से धनराशि निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण से संबंधित धनराशि एसएनए स्पर्श पोर्टल के माध्यम से जारी की जाएगी।

आउट ऑफ स्कूल बच्चों के विशेष प्रशिक्षण के लिए ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों और नोडल अध्यापकों के प्रशिक्षण संबंधी आदेश



Top Post Ad

Bottom Post Ad