नई दिल्ली। राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) ने प्राथमिक शिक्षक शिक्षा में 6 महीने के सर्टिफिकेट कोर्स (ब्रिज कोर्स) के लिए रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा खोलने का निर्णय लिया है। इस संबंध में NIOS ने 19 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना संख्या 18/2026 जारी की है। इसके तहत पात्र अभ्यर्थी 21 अक्टूबर से 28 अक्टूबर 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे।
NIOS की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक, इससे पहले रजिस्ट्रेशन पोर्टल 19 जुलाई 2026 तक खुला था। हालांकि, विभिन्न हितधारकों और सरकारी शिक्षकों की ओर से पोर्टल दोबारा खोलने की मांग की गई थी। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से पात्र अभ्यर्थियों को एक और अवसर देने का फैसला लिया गया।
28 अक्टूबर के बाद नहीं बढ़ेगी तारीख
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 28 अक्टूबर 2026 के बाद आगे बढ़ाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। ऐसे में जिन पात्र सेवारत प्राथमिक शिक्षकों ने पहले रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।
पात्र शिक्षक जल्द पूरा करें पंजीकरण
NIOS ने संबंधित शिक्षकों से अपील की है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध पात्रता संबंधी शर्तों और दिशा-निर्देशों की जांच कर लेनी चाहिए।
ब्रिज कोर्स से संबंधित जानकारी के लिए अभ्यर्थी NIOS की आधिकारिक वेबसाइट www.bridge.nios.ac.in पर जा सकते हैं।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म