Type Here to Get Search Results !

विशेष टीईटी में 60% अंक लाने वाले शिक्षकों को मिलेगा पात्रता प्रमाणपत्र, सामान्य वर्ग के लिए 90 अंक जरूरी

Sir Ji Ki Pathshala

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों के कार्यरत शिक्षकों के लिए होगी विशेष टीईटी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित कराने की कार्ययोजना को मंजूरी देने के बाद 3 सितम्बर 2026 को उत्तर प्रदेश राज्य शिक्षा आयोग (UPESSC) द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने हेतु विज्ञापन भी जारी कर दिया गया है। इस परीक्षा में सफल होने वाले शिक्षकों को पात्रता प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।

UP Special TET 2026

विशेष टीईटी में कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा, यानी परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी। अभ्यर्थियों के लिए राहत की बात यह है कि परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी।

सामान्य वर्ग के लिए 90 और आरक्षित वर्ग के लिए 82 अंक जरूरी

विशेष टीईटी में पात्रता हासिल करने के लिए सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।

वहीं, आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अंकों में छूट दी गई है। एससी, एसटी, ओबीसी, ईडब्ल्यूएस, दिव्यांग, भूतपूर्व सैनिक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आश्रित वर्ग के अभ्यर्थियों को पात्रता प्राप्त करने के लिए 82 अंक यानी लगभग 55 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।

परीक्षा के प्राप्तांक और परिणाम संबंधित वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे।

आवेदन के लिए पहले करना होगा OTR

विशेष टीईटी में आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। परीक्षा शुल्क पूर्व में आयोजित संबंधित परीक्षा के समान रखे जाने की बात कही गई है।

इसे भी पढ़ें:

31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करना होगा

रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी उत्तीर्ण करना अनिवार्य किया गया है। पुनर्विचार याचिका में 29 मई के आदेश के तहत कार्यरत शिक्षकों को 31 अगस्त 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने का अवसर दिया गया है।

इसी क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार विशेष टीईटी आयोजित कराने की तैयारी कर रही है, जिससे प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत पात्र शिक्षकों को परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल सके।

करीब 2,500 विशेष शिक्षक भी होंगे शामिल

सुप्रीम कोर्ट के 7 मार्च 2025 के आदेश के अनुपालन में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के करीब 2,500 विशेष शिक्षकों को भी इस परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

विशेष शिक्षकों के लिए अलग-अलग स्तरों के अनुसार आवश्यक शैक्षिक योग्यता निर्धारित की गई है।

प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के लिए अलग-अलग परीक्षा

प्राथमिक स्तर के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक कक्षा 1 से 5 के लिए आयोजित विशेष टीईटी में शामिल हो सकेंगे।

वहीं, उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक कक्षा 6 से 8 के लिए आयोजित परीक्षा में भाग ले सकेंगे।

विशेष शिक्षकों के लिए आवश्यक योग्यता

विशेष शिक्षकों के लिए प्राथमिक स्तर पर स्नातक के साथ आरसीआई से मान्यता प्राप्त डीएड स्पेशल एजुकेशन तथा आरसीआई पंजीकरण आवश्यक होगा।

उच्च प्राथमिक स्तर के विशेष शिक्षकों के लिए बीएड स्पेशल एजुकेशन या समकक्ष योग्यता निर्धारित की गई है।

संविदा और डेली वेजेज विशेष शिक्षकों के लिए आयु सीमा

संविदा या डेली वेजेज पर कार्यरत विशेष शिक्षकों के लिए अधिकतम आयु सीमा परीक्षा की तिथि तक 60 वर्ष निर्धारित की गई है।


Ads Area