अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक चयन परीक्षा वर्ष-2021 के उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण कराने को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं। उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र में संशोधित परीक्षा परिणाम दिनांक 06 सितंबर 2022 में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन पत्र के क्रम में अनन्तिम सूची में शामिल अभ्यर्थियों के कार्यभार ग्रहण की स्थिति की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
पूर्व में 14 जुलाई 2026 तथा 11 अगस्त 2026 को पत्र जारी कर अशासकीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक चयन परीक्षा वर्ष-2021 के संशोधित परिणाम में उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से प्राप्त ऑनलाइन आवेदन के क्रम में अनन्तिम सूची में सम्मिलित अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण कराए जाने की सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अभी तक कई अभ्यर्थियों को कार्यभार ग्रहण कराए जाने में शिथिलता बरती जा रही है।
अब अनन्तिम सूची में शामिल अभ्यर्थियों की विषयवार आवंटित विद्यालयों की सॉफ्ट कॉपी (Word File) संबंधित जनपदों को उपलब्ध कराई गई है। निर्देश दिया गया है कि अपने जनपद में आवंटित विषयों के सहायक अध्यापकों एवं प्रधानाध्यापकों को कार्यभार ग्रहण कराए जाने का स्पष्ट विवरण तैयार किया जाए।
यदि किसी अभ्यर्थी को आवंटित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया है, तो ऐसी स्थिति में अभ्यर्थी के कॉलम में उसका स्पष्ट विवरण दर्ज करना होगा। विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि संलग्न सूची की सॉफ्ट कॉपी में प्रधानाध्यापक एवं सहायक अध्यापक की सूचना अपने संबंधित जनपद की आवंटित सूची के अनुसार ही अंकित की जाए।
कार्यभार ग्रहण की स्थिति से संबंधित सूचना की हार्ड कॉपी एवं सॉफ्ट कॉपी additionaldirectorbasic@gmail.com ई-मेल पर 15 सितंबर 2026 तक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना होगा।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म