लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों और विशेष शिक्षकों (CWSN) के लिए विशेष अध्यापक पात्रता परीक्षा (Special TET) आयोजित कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस संबंध में शासनादेश जारी करते हुए उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को परीक्षा आयोजित कराने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
यह परीक्षा प्राथमिक स्तर कक्षा 1 से 5 और उच्च प्राथमिक स्तर कक्षा 6 से 8 के शिक्षकों एवं विशेष शिक्षकों के लिए आयोजित की जाएगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद लिया गया फैसला
शासनादेश के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के क्रम में कार्यरत शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करना आवश्यक किया गया है। इसी क्रम में बड़ी संख्या में प्रभावित शिक्षकों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश में Special TET आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है।
कौन कर सकेगा आवेदन?
Special TET में प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के पात्र शिक्षक आवेदन कर सकेंगे।
प्राथमिक स्तर कक्षा 1 से 5
इन विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक परीक्षा के लिए पात्र होंगे—
- उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय।
- स्थानीय निकायों के वे विद्यालय जिन्हें राज्य सरकार या बेसिक शिक्षा परिषद से मान्यता/संबद्धता प्राप्त है।
- राज्य सरकार द्वारा सहायता प्राप्त विद्यालय।
- स्पेशल एजुकेटर प्राथमिक स्तर, कक्षा 1 से 5।
उच्च प्राथमिक स्तर कक्षा 6 से 8
इनमें कार्यरत शिक्षक आवेदन कर सकेंगे—
- बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित विद्यालय।
- स्थानीय निकाय और मान्यता प्राप्त विद्यालय।
- राज्य सरकार द्वारा सहायता प्राप्त विद्यालय।
- स्पेशल एजुकेटर उच्च प्राथमिक स्तर, कक्षा 6 से 8।
Special Educator CWSN के लिए क्या होगी पात्रता?
विशेष शिक्षक यानी CWSN के लिए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर पर अलग-अलग पात्रता निर्धारित की गई है।
प्राथमिक स्तर के Special Educator के लिए स्नातक परीक्षा उत्तीर्ण होने के साथ भारतीय पुनर्वास परिषद RCI से मान्यता प्राप्त बीएड विशेष शिक्षा या समकक्ष योग्यता आवश्यक होगी। साथ ही संबंधित अभ्यर्थी के पास वैध RCI पंजीकरण प्रमाणपत्र होना अनिवार्य होगा।
उच्च प्राथमिक स्तर के Special Educator के लिए भी स्नातक, RCI से मान्यता प्राप्त विशेष शिक्षा संबंधी योग्यता और वैध RCI पंजीकरण जरूरी होगा।
60 वर्ष तक के शिक्षक दे सकेंगे परीक्षा
शासनादेश के अनुसार, संविदा या डेलीवेज पर कार्यरत स्पेशल एजुकेटर भी Special TET में शामिल हो सकेंगे। ऐसे अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा आयोजन की तिथि तक अधिकतम आयु सीमा 60 वर्ष निर्धारित की गई है।
Special TET Exam Pattern 2026
Special TET परीक्षा का पैटर्न इस प्रकार रहेगा—
- परीक्षा की अवधि: 2 घंटे 30 मिनट यानी 150 मिनट
- कुल प्रश्न: 150
- सभी प्रश्न: बहुविकल्पीय (MCQ)
- प्रत्येक प्रश्न: 1 अंक
- कुल अंक: 150
- नेगेटिव मार्किंग: नहीं होगी
- प्रश्नपत्र: हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में होगा, भाषा विषय को छोड़कर।
कितने अंक लाने होंगे?
सामान्य वर्ग
सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को पात्रता प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए 150 में कम से कम 90 अंक यानी 60 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे।
आरक्षित वर्ग
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और अन्य आरक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम अर्हक अंक 55 प्रतिशत यानी 150 में 82 अंक निर्धारित किए गए हैं।
CWSN विशेष शिक्षकों के लिए भी आरक्षित श्रेणी के अनुरूप निर्धारित न्यूनतम अंक लागू होंगे।
Primary Special TET Syllabus: कक्षा 1 से 5
प्राथमिक स्तर की Special TET परीक्षा में पांच अनिवार्य विषय होंगे—
- बाल विकास एवं शिक्षण विधि – 30 प्रश्न
- भाषा प्रथम (हिंदी) – 30 प्रश्न
- भाषा द्वितीय (अंग्रेजी/संस्कृत) – 30 प्रश्न
- गणित – 30 प्रश्न
- पर्यावरण अध्ययन – 30 प्रश्न
कुल: 150 प्रश्न और 150 अंक
Upper Primary Special TET Syllabus: कक्षा 6 से 8
उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा में निम्न विषय शामिल होंगे—
- बाल विकास एवं शिक्षण विधि – 30 प्रश्न
- भाषा प्रथम हिंदी – 30 प्रश्न
- भाषा द्वितीय अंग्रेजी/संस्कृत – 30 प्रश्न
- विषय आधारित प्रश्न – 60 प्रश्न, जिसमें अभ्यर्थी के स्तर और विषय के अनुसार गणित-विज्ञान, सामाजिक अध्ययन या संबंधित विषय शामिल होंगे।
कुल: 150 MCQ और 150 अंक
आवेदन कैसे होगा?
Special TET के लिए आवेदन One Time Registration (OTR) के माध्यम से ऑनलाइन किया जा सकेगा। आवेदन शुल्क का निर्धारण परीक्षा से पहले आयोजित की जाने वाली प्रक्रिया के दौरान किया जाएगा।
आयोग को जल्द कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
शासन की ओर से उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को निर्देश दिया गया है कि Special TET के आयोजन के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित प्रक्रिया के तहत परीक्षा आयोजित कराई जाए।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सलाह: Special TET की आधिकारिक अधिसूचना, आवेदन तिथि और परीक्षा तिथि जारी होने पर ही अंतिम जानकारी मानें।








सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म