लखनऊ। विद्यार्थियों के दक्षता आकलन के लिए मॉडल प्रश्नपत्र तैयार करने को लेकर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT), उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित कार्यशाला की अवधि बढ़ा दी गई है। पहले यह कार्यशाला 28 से 30 सितंबर 2026 तक निर्धारित थी, लेकिन प्रश्नपत्र निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए अब 1 अक्टूबर 2026 को भी कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
परिषद की ओर से जारी पत्र के अनुसार दक्षता आधारित अधिगम के लिए मॉडल प्रश्नपत्र तैयार करने के उद्देश्य से कार्यशाला का आयोजन राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में किया जा रहा है। कार्यशाला का विस्तारित दिवस 1 अक्टूबर 2026 निर्धारित किया गया है।
सुबह 9:30 से शाम 6 बजे तक चलेगी कार्यशाला
नामित प्रतिभागियों को 1 अक्टूबर को परिषद कार्यालय में उपस्थित होकर प्रश्नपत्र निर्माण का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यशाला का समय पूर्वाह्न 9:30 बजे से शाम 6:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
पत्र में संबंधित अधिकारियों से नामित प्रतिभागियों को कार्यशाला के विस्तारित दिवस के लिए कार्यमुक्त करते हुए उनकी समय से उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया है।
15 प्रतिभागियों को किया गया है नामित
कार्यशाला के लिए विभिन्न जनपदों से कुल 15 प्रतिभागियों को नामित किया गया है। इनमें DIET के प्रवक्ता तथा विद्यालयों के शिक्षक शामिल हैं। नामित प्रतिभागी अम्बेडकरनगर, बाराबंकी, मथुरा, एटा, अयोध्या, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, संतकबीरनगर, हरदोई, सीतापुर और इटावा जनपदों से हैं।
प्रतिभागियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यशाला में अपने साथ लैपटॉप अवश्य लेकर आएं, ताकि मॉडल प्रश्नपत्र निर्माण का कार्य निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।



सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म