Type Here to Get Search Results !

समग्र शिक्षा के आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में 25% बढ़ोतरी, 6 साल बाद मिली सौगात

Sir Ji Ki Pathshala

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में समग्र शिक्षा के तहत आउटसोर्सिंग पर कार्यरत कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। राज्य परियोजना कार्यालय तथा समग्र शिक्षा के बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े जिला परियोजना कार्यालयों में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कार्मिकों के मानदेय में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। वर्ष 2020 के बाद से इन कर्मचारियों के मानदेय में कोई वृद्धि नहीं हुई थी। ऐसे में करीब छह वर्ष बाद मानदेय बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

मंगलवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल की अध्यक्षता में हुई समग्र शिक्षा कार्यकारी समिति की बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। मानदेय बढ़ोतरी के निर्णय से लंबे समय से वृद्धि का इंतजार कर रहे आउटसोर्स कर्मचारियों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

आउटसोर्स कर्मचारियों के मानदेय में 25% बढ़ोतरी

बैठक में परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की यूनिफॉर्म को लेकर भी निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने कहा कि विद्यार्थियों के अभिभावकों को प्रेरित किया जाए कि वे बच्चों को विद्यालय यूनिफॉर्म में भेजें। यूनिफॉर्म के लिए डीबीटी के माध्यम से भेजी गई धनराशि का शत-प्रतिशत उपयोग सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया गया। इसके अलावा भारत सरकार के प्रोजेक्ट अप्रूवल बोर्ड द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए समग्र शिक्षा के तहत अनुमोदित वार्षिक कार्ययोजना एवं बजट का पूरा उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वर्ष 2026-27 के लिए समग्र शिक्षा के तहत 11,902 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया है।

वर्ष 2024-25 में उपलब्ध धनराशि का केवल 69.60 प्रतिशत ही खर्च हो सका था। अब विभाग को स्वीकृत बजट का अधिकतम और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकारी विद्यालयों में भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान की प्रयोगशालाओं को भी बेहतर बनाने पर जोर दिया गया। विद्यालयों में आवश्यक उपकरण पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, जिससे विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक शिक्षा का बेहतर अवसर मिल सके।

निपुण भारत मिशन के तहत अब कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों को दक्ष बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसके साथ ही राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के स्कूल सेफ्टी ऑडिट के लिए कार्यदायी संस्था का चयन भी किया जा चुका है। बैठक में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, उपलब्ध संसाधनों का पूरा उपयोग करने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराने से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।


Top Post Ad

Bottom Post Ad