नई दिल्ली। प्राथमिक शिक्षकों के लिए छह माह का विशेष ब्रिज कोर्स शुरू किया गया है। यह कार्यक्रम उन प्राथमिक विद्यालय के शिक्षकों के लिए तैयार किया गया है, जिनके पास बैचलर ऑफ एजुकेशन (B.Ed.) की डिग्री है। शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, इस कोर्स का उद्देश्य शिक्षकों को प्राथमिक स्तर पर बच्चों को पढ़ाने के लिए आवश्यक विशेष प्रशिक्षण और कौशल उपलब्ध कराना है।
यह ब्रिज कोर्स राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) के माध्यम से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम पूरा करने वाले शिक्षकों को प्राथमिक स्तर पर शिक्षण से जुड़ी आवश्यक योग्यता और प्रमाणपत्र प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
कोर्स के दौरान शिक्षकों को प्राथमिक शिक्षा से जुड़े विषयों पर व्यापक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसमें बच्चों की सीखने की जरूरतों को समझने, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों को अपनाने और कक्षा में बेहतर तरीके से पढ़ाने के लिए जरूरी कौशल विकसित करने पर जोर दिया जाएगा।
इस विशेष ब्रिज कोर्स में थ्योरी के साथ प्रैक्टिकल प्रशिक्षण भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य शिक्षकों की बुनियादी शैक्षिक समझ को मजबूत करने के साथ-साथ उनके व्यावहारिक शिक्षण कौशल को विकसित करना है।
कार्यक्रम में पढ़ाई का माध्यम हिंदी और अंग्रेजी दोनों रखा गया है। इच्छुक शिक्षक NIOS के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह छह माह का प्रशिक्षण प्राथमिक स्तर पर पढ़ाने वाले B.Ed. डिग्रीधारक शिक्षकों को आवश्यक शैक्षणिक दक्षताओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म