Type Here to Get Search Results !

प्रयागराज में दर्दनाक हादसा: स्टंट देख रहे लोगों को बोलेरो ने मारी टक्कर, शिक्षक की मौत

Sir Ji Ki Pathshala

प्रयागराज। हंडिया थाना क्षेत्र के बंगहा रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हाईवे किनारे बाइक से स्टंट कर रहे युवक को देखने के लिए वहां जुटे लोगों को वाराणसी से प्रयागराज की ओर जा रही तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में एक शिक्षक की मौत हो गई, जबकि स्टंट कर रहे युवक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रयागराज हंडिया हादसा

जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के ओझापुर निवासी 22 वर्षीय आशीष जायसवाल बंगहा क्रॉसिंग के पास हाईवे पर बाइक से स्टंट कर रहा था। हाईवे किनारे स्टंट देखने के लिए कई बाइक सवार वहां रुक गए थे। इसी दौरान वाराणसी की ओर से प्रयागराज जा रही तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित हो गई और स्टंट कर रहे युवक समेत वहां मौजूद लोगों को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में आशीष जायसवाल के अलावा सिकरारा, जौनपुर निवासी 55 वर्षीय संजय सिंह, उनके साथ बाइक पर सवार प्रदीप मिश्र तथा डिघरी, हंडिया निवासी संजय सिंह उर्फ दीपू पुत्र गुणराज सिंह घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हंडिया पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी सैदाबाद पहुंचाया।

चिकित्सकों ने जांच के बाद 55 वर्षीय संजय सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहर के अस्पताल भेज दिया गया। मृतक संजय सिंह भदोही जिले के कोइरौना क्षेत्र स्थित कंपोजिट विद्यालय खेमापुर में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सड़क किनारे बाइक स्टंट देखने के लिए जुटी भीड़ और तेज रफ्तार बोलेरो के अनियंत्रित होने के कारण यह दुर्घटना हुई। हाईवे पर इस तरह सड़क किनारे रुकना और स्टंट देखना लोगों के लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है।

Top Post Ad

Bottom Post Ad