प्रयागराज। डीएलएड प्रशिक्षण कार्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाएं 21 सितंबर 2026 से शुरू होने जा रही हैं। प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाएं 21 से 23 सितंबर तक और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षाएं 24 से 26 सितंबर तक आयोजित की जाएंगी। इन परीक्षाओं में करीब 3.50 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा में करीब 1.84 लाख और तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा में करीब 1.65 लाख परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षाएं प्रदेश के 68 जनपदों में कराई जाएंगी। सचिव, परीक्षा नियामक प्राधिकारी राजेंद्र प्रताप की ओर से परीक्षा से संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों और अभ्यर्थियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं।
डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2025 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21, 22 और 23 सितंबर को होगी। वहीं डीएलएड प्रशिक्षण 2024 के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24, 25 और 26 सितंबर को प्रस्तावित है।
इसके अलावा डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2023 के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के बैक/आंशिक परीक्षार्थियों के लिए भी परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 14 अक्टूबर और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 15 से 17 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित है।
डीएलएड बैच 2023 के चतुर्थ सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा 18 से 20 मई 2026 तक आयोजित की गई थी। इसका परीक्षा परिणाम 31 जुलाई को घोषित किया जा चुका है। परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों की ओर से स्क्रूटनी कराने और द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षाएं कराने की मांग की गई थी।
निदेशक, राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के निर्देश पर स्क्रूटनी का कार्य अधिक अध्यापकों को लगाकर कराया गया और इसका परिणाम 16 सितंबर को घोषित कर दिया गया।
सचिव ने परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परीक्षा में शामिल हों। साथ ही परीक्षा को लेकर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक खबरों पर ध्यान न देकर अपनी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करें।



सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म