उत्तर प्रदेश में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लिए चयनित टीजीटी (प्रशिक्षित स्नातक वेतनक्रम) और पीजीटी (प्रवक्ता वेतनक्रम) अभ्यर्थियों के लिए लंबे इंतजार के बाद राहत भरी खबर आई है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से विज्ञापन संख्या 01/22 एवं 02/22 के चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने की प्रक्रिया युद्धस्तर पर शुरू कर दी गई है। आयोग ने चयनित अभ्यर्थियों का पैनल संबंधित जनपदों को पहले ही भेज दिया है और अब आगामी सप्ताह में प्रदेश के मुख्यमंत्री के कर-कमलों द्वारा भव्य कार्यक्रम में नियुक्ति पत्र वितरण कराया जाना प्रस्तावित है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), उत्तर प्रदेश ने प्रदेश के सभी मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षकों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के कड़े निर्देश दिए हैं। जारी आदेश के तहत उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड से प्राप्त पैनल में शामिल अभ्यर्थियों के संबंध में संबंधित संस्था प्रबंधकों द्वारा निर्गत नियुक्ति पत्र तथा कार्यभार ग्रहण कर चुके अभ्यर्थियों का पूरा ब्योरा तय गूगल शीट लिंक पर अनिवार्य रूप से फीड किया जाना है।
अधिकारियों को 19 सितंबर, 20 सितंबर और 21 सितंबर 2026 तक की स्थिति के अनुसार अद्यतन सूचना दर्ज कर निर्धारित ई-मेल आईडी पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम सीधे मुख्यमंत्री से संबंधित है, इसलिए सूचना भेजने और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विद्यालयों और संबंधित अधिकारियों को समय रहते प्रारूप में जानकारी उपलब्ध करानी होगी ताकि अंतिम स्तर पर कोई बाधा न आए।
तैयारियों की निगरानी और आवश्यक सूचनाओं की समीक्षा के लिए मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशकों और जिला विद्यालय निरीक्षकों के साथ गूगल मीट के जरिए विशेष बैठक भी आयोजित की गई है। इस पूरी कवायद का मुख्य उद्देश्य चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति और कार्यभार ग्रहण से जुड़ी वास्तविक स्थिति का सटीक संकलन करना है, जिससे आगामी नियुक्ति पत्र वितरण समारोह की अंतिम तिथि घोषित कर अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे जा सकें।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म