लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा के तृतीय सत्र 2026 में बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षकों की भर्ती और रिक्त पदों को लेकर सरकार ने महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में बेसिक शिक्षा विभाग ने बताया कि प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के कुल 3,27,804 स्वीकृत पदों के सापेक्ष 60,958 पद रिक्त हैं।
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम, 2009 के अनुसार प्राथमिक विद्यालयों में छात्र-शिक्षक अनुपात (PTR) 30:1 तथा उच्च प्राथमिक विद्यालयों में 35:1 निर्धारित है।
रिक्त पदों पर भर्ती के संबंध में सरकार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग का गठन पहले ही किया जा चुका है। साथ ही नगर क्षेत्र के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 11,508 पदों पर सीधी भर्ती के लिए 17 मई 2026 को अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेजा जा चुका है।
सरकार ने संकेत दिया कि भर्ती प्रक्रिया आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। ऐसे में बेसिक शिक्षा विभाग में नई शिक्षक भर्ती की तैयारी को लेकर अभ्यर्थियों के लिए यह एक महत्वपूर्ण अपडेट माना जा रहा है।
मुख्य बातें
- प्राथमिक विद्यालयों में 3,27,804 स्वीकृत पद।
- 60,958 सहायक अध्यापकों के पद रिक्त।
- RTE के अनुसार प्राथमिक में 30:1 और उच्च प्राथमिक में 35:1 छात्र-शिक्षक अनुपात निर्धारित।
- 11,508 पदों पर सीधी भर्ती का अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को भेजा जा चुका है।
- शिक्षक भर्ती से जुड़ी आगे की प्रक्रिया आयोग के माध्यम से पूरी की जाएगी।


