प्रयागराज/हरदोई। लगातार हो रही भारी बारिश और जलभराव को देखते हुए प्रयागराज और हरदोई जिले में 18 अगस्त 2026 को विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। दोनों जिलों के अधिकारियों ने अलग-अलग आदेश जारी कर सभी संबंधित विद्यालयों में आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रयागराज में कक्षा 1 से 12 तक अवकाश
प्रयागराज के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार द्वारा 17 अगस्त 2026 को जारी कार्यालय आदेश में बताया गया है कि जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में जनपद प्रयागराज तथा आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश एवं जलभराव के कारण विद्यालयों तक पहुंचना कठिन हो रहा है।
छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 18 अगस्त 2026 को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के सभी परिषद, माध्यमिक तथा सभी बोर्ड से मान्यता/सहायता प्राप्त अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालयों में रेन-डे अवकाश घोषित किया गया है।
शिक्षकों को लेकर भी स्पष्ट निर्देश
प्रयागराज के आदेश में संबंधित अधिकारियों और विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि अवकाश के आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों को आगामी तिथियों में कराने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
हरदोई में भी 18 अगस्त को छात्र-छात्राओं की छुट्टी
हरदोई में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा 18 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार अत्यधिक वर्षा को देखते हुए जनपद में संचालित कक्षा 1 से 12 तक के सभी बोर्डों के विद्यालयों में 18 अगस्त को छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है।
आदेश में माध्यमिक विद्यालय, सीबीएसई, आईसीएसई और संस्कृत बोर्ड से संबंधित विद्यालयों को भी शामिल किया गया है।
स्कूल में उपस्थित रहेंगे शिक्षक और कर्मचारी
हरदोई के आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छात्र-छात्राओं के लिए अवकाश रहेगा, लेकिन समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और शासकीय कार्यों का संपादन करेंगे।



