Type Here to Get Search Results !

काँवड़ यात्रा के दृष्टिगत इस जिले में 3 से 12 अगस्त तक स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद, जिलाधिकारी ने जारी किया आदेश

Sir Ji Ki Pathshala

मेरठ, 1 अगस्त 2026। श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को देखते हुए मेरठ जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जिलाधिकारी मेरठ डॉ. वी.के. सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी विद्यालय, महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान 3 अगस्त से 12 अगस्त 2026 तक बंद रहेंगे।

जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश में बताया गया है कि श्रावण मास के दौरान बड़ी संख्या में कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं का जनपद से आवागमन होता है। विभिन्न मार्गों पर कांवड़ यात्रा के कारण यातायात डायवर्जन भी लागू किया गया है। ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है।

आदेश के अनुसार कक्षा 1 से कक्षा 12 तक के सभी विद्यालय, जिनमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई तथा अन्य बोर्डों से संबद्ध विद्यालय एवं मदरसा बोर्ड के शिक्षण संस्थान शामिल हैं, 3 अगस्त से 12 अगस्त तक पूर्ण रूप से बंद रहेंगे।

इसके अतिरिक्त जनपद के सभी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय एवं तकनीकी शिक्षण संस्थान (सरकारी एवं निजी) भी इस अवधि में बंद रहेंगे। हालांकि जिन पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जा सकेंगी।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रमुखों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह विद्यार्थियों की सुरक्षा, सुगम यातायात व्यवस्था तथा कांवड़ यात्रा के सफल संचालन को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

ऐसे में मेरठ जनपद के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को सलाह दी गई है कि वे जिला प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी नई सूचना के लिए आधिकारिक आदेशों पर ही भरोसा करें।

मेरठ जिलाधिकारी द्वारा 3 से 12 अगस्त 2026 तक स्कूल-कॉलेज बंद करने का आदेश