बुलंदशहर। जिले में शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को फर्जी मोबाइल नंबरों से कॉल कर विभाग का अधिकारी या कर्मचारी बताकर डराने-धमकाने तथा अनुचित लाभ की मांग करने के मामले सामने आए हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बुलंदशहर ने सभी शिक्षकों और कर्मचारियों के नाम महत्वपूर्ण अपील जारी करते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है।
जनपद में कुछ अज्ञात व्यक्ति अलग-अलग अथवा फर्जी मोबाइल नंबरों से कॉल कर स्वयं को शिक्षा विभाग से जुड़ा हुआ बताते हैं। इसके बाद वे शिक्षकों को विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर या अन्य बहाने बनाकर धन अथवा अन्य अनुचित लाभ की मांग करते हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की सभी कॉल पूरी तरह फर्जी हैं और इन्हें गंभीर साइबर धोखाधड़ी के रूप में देखा जाना चाहिए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों से अपील की है कि यदि किसी अज्ञात या हैक किए गए मोबाइल नंबर से इस प्रकार की कॉल प्राप्त होती है तो किसी भी प्रकार के दबाव में न आएं। कॉल करने वाले की बातों पर विश्वास न करें और किसी भी स्थिति में धनराशि या अन्य किसी प्रकार का अनुचित लाभ उपलब्ध न कराएं। साथ ही इसकी सूचना संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को भी तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जा सके।


