8th CPC: केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर बड़ी जानकारी सामने आई है। 10 अगस्त 2026 को लोकसभा में लिखित प्रश्न संख्या 3456 के जवाब में केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने अभी तक अपनी सिफारिशें सरकार को प्रस्तुत नहीं की हैं। ऐसे में फिटमेंट फैक्टर और संशोधित वेतन-पेंशन को लेकर चल रही चर्चाओं पर अभी विराम लग गया है।
लोकसभा में 8वें वेतन आयोग को लेकर सवाल
लोकसभा में सांसद श्री वरुण चौधरी ने सरकार से 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर दो महत्वपूर्ण जानकारी मांगी थी। उन्होंने पूछा था कि आयोग के गठन के बाद अब तक कितनी बैठकें आयोजित की गई हैं और क्या 1 जनवरी 2026 से वेतन एवं पेंशन में संशोधन के लिए आयोग की सिफारिशों की तारीख तथा प्रस्तावित फिटमेंट फैक्टर को अंतिम रूप दे दिया गया है।
सरकार ने क्या दिया जवाब?
इस सवाल का जवाब वित्त राज्य मंत्री श्री पंकज चौधरी ने दिया। सरकार ने बताया कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग के गठन के लिए 3 नवंबर 2025 को संकल्प जारी किया गया था। इस संकल्प में यह उल्लेख नहीं किया गया है कि आयोग अपनी परामर्श प्रक्रिया के दौरान सरकार को बैठकों की संख्या के संबंध में जानकारी देता रहेगा।
वहीं, वेतन और पेंशन संशोधन से जुड़े दूसरे सवाल पर सरकार ने साफ किया कि 8वें केंद्रीय वेतन आयोग ने अभी तक सरकार को अपनी सिफारिशें प्रस्तुत नहीं की हैं।
फिटमेंट फैक्टर पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं
सरकार के इस जवाब के बाद यह स्पष्ट है कि 8वें वेतन आयोग का फिटमेंट फैक्टर अभी फाइनल नहीं हुआ है। इसलिए कर्मचारियों की नई बेसिक सैलरी कितनी होगी और पेंशन में कितना बदलाव होगा, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक आंकड़ा तय नहीं माना जा सकता।
सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म पर फिटमेंट फैक्टर को लेकर कई तरह के आंकड़े बताए जा रहे हैं, लेकिन आयोग की आधिकारिक सिफारिश आने तक इन आंकड़ों को अंतिम नहीं माना जाना चाहिए।
1 जनवरी 2026 से लागू होने पर क्या स्थिति?
8वें केंद्रीय वेतन आयोग को लेकर सबसे बड़ा सवाल यह है कि संशोधित वेतन और पेंशन 1 जनवरी 2026 से लागू होंगे या नहीं। सरकार के लोकसभा में दिए गए जवाब के अनुसार आयोग ने अभी तक अपनी सिफारिशें ही प्रस्तुत नहीं की हैं।
ऐसे में 1 जनवरी 2026 से संशोधित वेतन-पेंशन लागू होने की तारीख को लेकर अभी कोई अंतिम आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आगे आयोग की रिपोर्ट और केंद्र सरकार के निर्णय के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
केंद्रीय कर्मचारियों को अभी करना होगा इंतजार
8वें वेतन आयोग की रिपोर्ट आने के बाद उसमें फिटमेंट फैक्टर, नई वेतन संरचना और पेंशन संशोधन से संबंधित सिफारिशें सामने आएंगी। इसके बाद केंद्र सरकार इन सिफारिशों पर निर्णय लेगी।
इसलिए फिलहाल केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की आधिकारिक रिपोर्ट और केंद्र सरकार के अंतिम फैसले का इंतजार करना होगा।

