गोंडा। 15,000 शिक्षक भर्ती के तहत नियुक्त सहायक अध्यापकों की प्रथम वार्षिक वेतन वृद्धि को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा गोंडा को पत्र भेजकर संबंधित शिक्षकों की वार्षिक वेतन वृद्धि 1 जनवरी 2017 से निर्धारित किए जाने के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा भेजे गए पत्र के अनुसार 15,000 शिक्षक भर्ती में नियुक्त सहायक अध्यापकों की ओर से इस संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया गया था। पत्र के अनुसार, संबंधित शिक्षकों की नियुक्ति 28 जून 2016 को प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर हुई थी।
शिक्षकों की ओर से अपनी मांग के समर्थन में उत्तर प्रदेश शासन के वित्त विभाग के शासनादेश का उल्लेख किया गया है। पत्र में 22 दिसंबर 2016 को जारी शासनादेश के प्रस्तर 8 का हवाला देते हुए प्रथम वार्षिक वेतन वृद्धि को 1 जनवरी 2017 से प्रभावी किए जाने का अनुरोध किया गया है।


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म